मानसून की विदाई के बाद बढ़ी गर्मी, मौसमी बीमारियों का बढ़ा असर
मानसून की विदाई के बाद क्षेत्र में मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है। दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच सुबह-शाम के तापमान में अंतर के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने लगा है। मौसम में बदलाव के चलते अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, गले में खराश और वायरल संक्रमण जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, दिन में गर्मी और सुबह-शाम मौसम में बदलाव के कारण शरीर को तापमान के उतार-चढ़ाव के साथ तालमेल बैठाने में परेशानी हो रही है। इटावा क्षेत्र में दोपहर के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ गया है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए पंखे और कूलर का सहारा ले रहे हैं। वहीं, सुबह और रात में अपेक्षाकृत राहत महसूस हो रही है। दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री तक का अंतर दर्ज किया जा रहा है। तेज धूप से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक चेहरे और शरीर को ढककर निकल रहे हैं। बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में इटावा क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने और दिन में धूप का असर बने रहने से फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं। डाक्टरों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और तापमान में बदलाव के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)