माफिया को मिट्‌टी में मिला देंगे...सदन में गुस्साए थे योगी:3 साल बाद अतीक के कब्जे वाली जमीन पर भूमि पूजन; बदल डाली कसारी-मसारी की पहचान

Oct 16, 2026 - 07:39
0
माफिया को मिट्‌टी में मिला देंगे...सदन में गुस्साए थे योगी:3 साल बाद अतीक के कब्जे वाली जमीन पर भूमि पूजन; बदल डाली कसारी-मसारी की पहचान
प्रयागराज में तीन साल पहले उमेश पाल की बम और गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद विधानसभा में सीएम योगी ने कहा था, “इस सदन में कह रहा हूं, इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे।” गुरुवार को सीएम योगी उसी प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 फ्लैटों की आवासीय परियोजना का भूमि पूजन करने पहुंचे। कसारी-मसारी में कार्यक्रम था। योगी ने कसारी-मसारी का नाम श्रीकृष्णपुरी करने की घोषणा कर दी। कभी अतीक के प्रभाव वाले इलाके के रूप में पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में अब आवासीय परियोजना शुरू हो रही है। विधानसभा की ललकार से लेकर माफिया के गढ़ में विकास परियोजना के भूमि पूजन तक, तीन साल में प्रयागराज की इस कहानी में कई बड़े मोड़ आए हैं। आगे पढ़िए- योगी बोले- प्रयागराज में कोई माफियागिरी करेगा तो मिट्‌टी में मिलना होगा माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की कब्र कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर था। गुरुवार को सीएम योगी उसी इलाके में पहुंचे और अतीक से कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर आवासीय परियोजना का भूमि पूजन किया। इस दौरान योगी ने कहा कि करीब 15 बीघा जमीन पर माफिया अतीक और उसके गुर्गों ने कब्जा करके अय्याशी का अड्डा बना रखा था। इस जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रयागराज में अब कोई माफियागिरी करने का साहस नहीं करेगा। अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा तो उसे मिट्टी में मिलने की तैयारी कर लेनी चाहिए। 24 फरवरी 2023 : उमेश पाल की हत्या से मचा हड़कंप 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में बसपा के पूर्व विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उनके दो सरकारी गनर की भी मौत हो गई। इस हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और गिरोह के अन्य सदस्यों पर आरोप लगे। 25 फरवरी 2023: सदन में योगी बोले- माफिया को मिट्‌टी में मिला देंगे उमेश पाल की हत्या के बाद 25 फरवरी 2023 को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के बीच तीखी बहस हुई थी। इसी दौरान योगी ने कहा था, “इस सदन में कह रहा हूं, इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे।” यह बयान अतीक अहमद के खिलाफ सरकार की कार्रवाई को लेकर सबसे चर्चित बयानों में शामिल हो गया। इसके बाद उमेश पाल हत्याकांड में आरोपियों की तलाश, गिरफ्तारी और संपत्तियों पर कार्रवाई का सिलसिला तेज हुआ। 15 अप्रैल 2023: अतीक और अशरफ की हत्या उमेश पाल हत्याकांड के करीब दो महीने बाद 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय अतीक और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले 13 अप्रैल को झांसी में अतीक के बेटे असद और शूटर गुलाम पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। इन घटनाओं के बाद अतीक के आपराधिक नेटवर्क और उससे जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई की चर्चा लगातार बनी रही। लूकरगंज में 76 फ्लैट, अब कसारी-मसारी में 602 फ्लैट बनेंगे अतीक के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर आवासीय परियोजनाओं के जरिए उसके पुराने प्रभाव वाले इलाकों की पहचान बदलने की कोशिश भी सामने आई। लूकरगंज में उसकी कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 76 फ्लैट बनाए गए। अब कसारी-मसारी में 602 फ्लैटों की परियोजना का भूमि पूजन योगी ने किया है। इस परियोजना के जरिए जमीन का इस्तेमाल आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। कसारी-मसारी का नाम बदलकर श्रीकृष्णपुरी करने की घोषणा सीएम योगी ने कसारी-मसारी में भूमि पूजन के साथ ही इलाके का नाम श्रीकृष्णपुरी करने की घोषणा की। यह वही क्षेत्र है, जिसे लंबे समय तक अतीक अहमद के प्रभाव वाले इलाके के रूप में जाना जाता रहा। नाम बदलने की घोषणा के साथ यहां विकास परियोजना की शुरुआत ने इस कार्यक्रम को और महत्वपूर्ण बना दिया। तीन साल पहले सदन में माफिया को मिट्टी में मिलाने की ललकार थी। आज उसी माफिया के प्रभाव वाले इलाके में कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर आवासीय परियोजना का भूमि पूजन हुआ। इस तरह अतीक के नाम से पहचाने जाने वाले इलाके को अब नई पहचान देने की कोशिश की जा रही है। चुनावी माहौल के बीच अतीक का जिक्र एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में है। --------------------------------- ये खबर भी पढ़िए- योगी ने अतीक के इलाके कसारी-मसारी का नाम बदला: माफिया की कब्जाई जमीन पर भूमिपूजन किया, गरीबों के लिए 602 फ्लैट बनेंगे सीएम योगी ने माफिया अतीक अहमद के इलाके कसारी-मसारी का नाम बदलकर श्रीकृष्ण पुरी करने का ऐलान किया। योगी ने गुरुवार को प्रयागराज में कहा कि कसारी-मसारी नाम कसाइयों वाला लगता था। इसके साथ ही सीएम योगी ने अतीक और उसके गुर्गों के कब्जे से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर बनने वाले फ्लैटों का भूमिपूजन किया। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User