मार्च तक स्टेशन का कायाकल्प:उन्नाव में DRM ने निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के दिए निर्देश, नेपाली युवक की मौत की रिपोर्ट
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने शनिवार को उन्नाव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक में उन्होंने निर्माण से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को समय से दूर करने और काम में देरी न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक की प्रस्तावित परियोजना और आरपीएफ हिरासत में नेपाली युवक की मौत का मामला भी उठा। स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दो मंजिला भवन बनाया जा रहा है। डीआरएम के मुताबिक, भवन के ग्राउंड फ्लोर की कास्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि ऊपरी मंजिल की कास्टिंग का काम चल रहा है। उन्होंने निर्माण की प्रगति और तकनीकी जरूरतों की जानकारी ली। मार्च तक काम पूरा कराने के निर्देश डीआरएम ने विकास कार्यों को चालू वित्तीय वर्ष में मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य बताया। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी ड्राइंग और तकनीकी समस्याओं का समय से समाधान कराने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने और अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रेलवे ट्रैक की प्रस्तावित परियोजना पर मांगी जानकारी निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक से जुड़ी एक प्रस्तावित परियोजना का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि पूर्व सांसद अन्नू टंडन के कार्यकाल में वर्ष 2012 में इसका सर्वे कराया गया था। इस पर डीआरएम ने कहा कि परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी लेने के बाद ही उसकी मौजूदा स्थिति और आगे बढ़ने की संभावनाओं पर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। नेपाली युवक की मौत पर RPF से बात करेंगे डीआरएम लखनऊ-कानपुर रेलखंड के निरीक्षण के दौरान आरपीएफ हिरासत में नेपाली नागरिक की मौत का मामला भी उठाया गया। सवाल किया गया कि हिरासत के दौरान युवक तक नुकीली या धारदार वस्तु कैसे पहुंची और निगरानी के बावजूद उसकी मौत कैसे हुई। डीआरएम ने कहा कि वह इस मामले में आरपीएफ कमांडेंट से बात कर विस्तृत जानकारी लेंगे। उन्होंने फिलहाल किसी अधिकारी की लापरवाही या कार्रवाई की पुष्टि नहीं की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)