मदरसों की गड़बड़ियों, वक्फ जमीनों पर कब्जे की जांच होगी:अल्पसंख्यक आयोग सदस्य बोले- फर्जी दस्तावेज तैयार कराने वाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
फतेहपुर में उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मोहम्मद असलम ने बुधवार शाम 4:30 बजे शहर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में मदरसों के संचालन में अनियमितताओं और वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जों के मामले सामने आए हैं। इन मामलों की जांच कराकर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। वक्फ जमीनों पर कब्जे और प्लाटिंग की जांच होगी मोहम्मद असलम ने कहा कि वक्फ संपत्तियों की प्रकृति नहीं बदली जा सकती और न ही नियमों के विरुद्ध उनकी बिक्री की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफिया वक्फ की जमीनों पर प्लाटिंग कर रहे हैं। इसमें लेखपालों और तहसील स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई गई है। ऐसे मामलों की जांच कराकर वक्फ संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। कागजों पर चल रहे मदरसों की भी होगी जांच आयोग सदस्य ने कहा कि कुछ मदरसे केवल कागजों पर संचालित होने की शिकायतें मिली हैं। कुछ संस्थानों में बच्चों की शिक्षा के लिए जरूरी किताबों और नियमों के अनुसार व्यवस्थाओं की कमी बताई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मदरसों के नाम पर मिलने वाले धन का इस्तेमाल निजी जरूरतों, गाड़ी खरीदने और मकान बनाने में कर रहे हैं। असलम ने बताया कि फतेहपुर जिले में भी कुछ मदरसों में शिक्षक और अन्य स्टाफ से संबंधित विसंगतियां सामने आई हैं। इन मामलों की जांच कराई जाएगी। फर्जी दस्तावेज तैयार कराने वालों पर भी कार्रवाई मोहम्मद असलम ने कहा कि अनियमितताओं में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फर्जी पत्रावलियां तैयार कराने में मदद करने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी। उन्होंने कहा कि मदरसा प्रबंधन समितियों और शिक्षकों को मदरसा शिक्षा परिषद के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेजने की बात भी कही गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)