मेडिकल कॉलेज में सैंपल के नाम पर पैसे-मांगने का आरोप:गोंडा में नर्स ने 1100 रुपए लिए, 200 और मांगे; CMS ने दिए जांच के आदेश

Sep 24, 2026 - 18:47
0
मेडिकल कॉलेज में सैंपल के नाम पर पैसे-मांगने का आरोप:गोंडा में नर्स ने 1100 रुपए लिए, 200 और मांगे; CMS ने दिए जांच के आदेश
गोंडा में मेडिकल कॉलेज में भर्ती 65 वर्षीय मरीज के बेटे से खून का सैंपल लेने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप सामने आया है। उमरीबेगमगंज के कोरियन पुरवा निवासी हरिश्चंद्र गुप्ता का आरोप है कि उनकी मां मुन्नी देवी पिछले पांच दिनों से मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उनके मुताबिक, अलग-अलग सैंपल लेने के नाम पर अब तक उनसे 1,100 रुपए लिए जा चुके हैं। गुरुवार को फिर पैसे मांगने और पैसे न देने पर सैंपल नहीं लेने की बात कहे जाने का आरोप है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. अनिल तिवारी ने जांच के आदेश दिए हैं। सैंपल लेने को लेकर नर्स से हुई बहस हरिश्चंद्र के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने स्टाफ नर्स से उनकी मां का सैंपल लेने के लिए कहा। आरोप है कि नर्स ने पैसे मिलने के बाद ही सैंपल लेने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हरिश्चंद्र का कहना है कि उनकी मां दिल की मरीज हैं और उन्हें लगातार दर्द रहता है। उनका आरोप है कि पैसे नहीं देने पर सैंपल नहीं लिया जा रहा, जिससे जरूरी जांच में देरी हो रही है। बेटा बोला- पैसा होता तो सरकारी अस्पताल क्यों आता हरिश्चंद्र ने वायरल वीडियो में नर्स से बहस के दौरान कहा, “अगर मेरे पास 200 रुपए नहीं हैं, तो क्या मैं कहीं से लाकर दूं? अगर मेरे पास पैसे होते, तो मैं सरकारी अस्पताल में क्यों आता?” उन्होंने बताया कि उनकी मां को पांच दिन पहले इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। उनके मुताबिक, भर्ती के समय फाइल के नाम पर भी 200 रुपए लिए गए थे। इसके बाद अलग-अलग सैंपल लेने के लिए कभी 100 तो कभी 200 रुपए मांगे जाने का आरोप है। 1,100 रुपए लेने का दावा हरिश्चंद्र ने दैनिक भास्कर से फोन पर बातचीत में दावा किया कि अब तक सैंपल निकालने के नाम पर उनसे 1,100 रुपए लिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल आया है। इसके बावजूद बार-बार पैसे मांगे जाने से उन्हें परेशानी हो रही है। CMS ने दिए जांच के आदेश मामले का वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। CMS डॉ. अनिल तिवारी ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मरीज के परिजन से पैसे लिए गए थे या नहीं और यदि लिए गए तो किस मद में लिए गए। फिलहाल नर्स की ओर से लगाए गए आरोपों पर कोई अलग पक्ष सामने नहीं आया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User