मेरठ का नीला ड्रम और सांपकांड सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग:किसी ने कहा- न्याय हो तो नजर आना चाहिए, तो किसी ने लिखा- मेरठ कोर्ट का फायर मूड शुरू
मेरठ के दो चर्चित हत्याकांडों में चार दोषियों को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। नीला ड्रम हत्याकांड में 14 अक्टूबर को मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड सुनाया गया, वहीं 16 अक्टूबर को सांप कांड में रविता और अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई गई। दो अलग-अलग मामलों में आए इन फैसलों को लेकर कोई अदालत की सराहना कर रहा है, तो कोई व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कर रहा है। नीला ड्रम हत्याकांड में सौरभ राजपूत की हत्या के बाद उसके शव को टुकड़ों में काटकर नीले ड्रम में सीमेंट से पैक कर दिया गया था। वहीं, सांप कांड में अमित कश्यप की हत्या को सर्पदंश से हुई मौत दिखाने की साजिश रची गई थी। दोनों मामलों में अदालत से मृत्युदंड मिलने के बाद सोशल मीडिया पर इनकी तुलना करते हुए भी पोस्ट किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सब रख रहे अपनी राय दोनों मामलों में सजा सुनाए जाने के बाद कुछ लोगों ने व्यंग्य करते हुए लिखा, “लगता है मेरठ वाले जज साहब हत्यारी महिलाओं से बहुत गुस्सा हैं, एक-एक करके सभी को फांसी दे रहे हैं।” वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि तीन दिन में दो प्रेमी जोड़ों को फांसी की सजा सुना दी गई। कुछ लोगों ने इसे “कोर्ट का फायर मूड” बताया। सांप कांड को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं। एक पोस्ट में लिखा गया, “मेरठ के चर्चित सांप कांड में रविता और अमरदीप को फांसी की सजा, पति की हत्या को सर्पदंश दिखाने की रची थी साजिश।” वहीं, कुछ लोगों ने तंज कसते हुए लिखा कि मेरठ में पति की हत्या करने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को फांसी की सजा मिली है। किसी ने फैसले को बताया मिसाल, तो किसी ने कहा- बिल्कुल सही निर्णय जहां कुछ लोग इन मामलों को लेकर मजाकिया और व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कर रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स फैसलों को न्याय की दिशा में अहम कदम बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “बिल्कुल सही फैसला है, न्याय हो तो न्याय नजर आना चाहिए।” दूसरे ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त सजा की जरूरत है, ताकि अपराध करने वालों को कानून का डर रहे। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि दोषी चाहे पुरुष हो या महिला, अपराध के अनुसार उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं, कुछ यूजर्स ने टिप्पणी की कि रिश्तों के भरोसे का फायदा उठाकर अपराध करने वालों के लिए ऐसे फैसले एक कड़ा संदेश हैं। फैसलों के बाद मेरठ कोर्ट की चर्चा नीला ड्रम हत्याकांड में सजा सुनाए जाने के बाद से ही लोगों की नजरें सांप कांड के फैसले पर थीं। 16 अक्टूबर को इस मामले में भी मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं और तेज हो गईं। कई लोग दोनों मामलों में आए फैसलों को सही ठहरा रहे हैं और अदालत की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इन घटनाओं पर व्यंग्यात्मक अंदाज में पोस्ट कर रहे हैं। मेरठ के इन दोनों चर्चित हत्याकांडों में आए फैसले सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)