मेरठ के लावड़ में पटाखों की खेप पकड़ी, तीन गिरफ्तार:दीपावली से पहले इंचौली पुलिस की छापेमारी, दो सगे भाई भी शामिल, बिक्री का आरोप
मेरठ में इंचौली पुलिस ने दीपावली से पहले लावड़ कस्बे में छापेमारी कर करीब नौ लाख रुपये कीमत की पटाखों की खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें दो सगे भाई शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों के पास पटाखे बेचने का कोई लाइसेंस नहीं मिला है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और इनके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि लावड़ में कुछ लोग अवैध तरीके से पटाखों की बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद इंचौली पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस ने शुभम पुत्र मुकेश निवासी कस्बा लावड़, रवि पुत्र राजाराम और दीपक पुत्र राजाराम निवासीगण कस्बा लावड़ को हिरासत में लिया है। रवि और दीपक सगे भाई बताए गए हैं। लंबे समय से बिक्री की सूचना
एसओ कर्मवीर सिंह की मानें तो प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पकड़े गए लोग काफी समय से पटाखों की बिक्री कर रहे थे। उनके पास इसके लिए कोई लाइसेंस नहीं था। बरामद पटाखों की कीमत करीब नौ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब बरामद पटाखों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पटाखा कारोबार के लिए कभी रहा है लावड़ चर्चित
लावड़ और आसपास का देहात क्षेत्र एक समय पटाखे बनाने और आतिशबाजी के कारोबार के लिए जाना जाता था। यहां बड़ी संख्या में लोग पटाखे बनाने का काम करते थे और कई लोगों के पास इसके लिए लाइसेंस भी थे। बाद में पटाखों को लेकर लगी पाबंदियों के बाद लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। पुलिस का कहना है कि इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे इस कारोबार से जुड़े हुए हैं। इसी कड़ी में लावड़ में पटाखों की यह खेप पहुंचने की बात सामने आई है। पिछली और अगली चेन खंगाल रही पुलिस
दीपावली से ठीक पहले बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद होने के बाद पुलिस इस मामले को केवल बिक्री तक सीमित नहीं मान रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखे किससे खरीदे गए, लावड़ तक कैसे पहुंचे और आगे इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था। चेन तलाश रही इंचौली पुलिस
सीओ सदर देहात सुधीर कुमार ने बताया कि तीनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। पटाखों की पिछली और अगली चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को तीनों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)