मेरठ के राजवाहे में मिला युवक का शव:पत्नी ने देर रात तक घर न लौटने पर रिश्तेदारों को दी थी सूचना
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मोहकमपुर राजवाहे में बुधवार सुबह युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजवाहे से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने जांच के बाद मृतक की शिनाख्त मांगे (40) पुत्र रामपाल के रूप में की। वह मूलरूप से मुजफ्फरनगर के सैदपुर गांव का रहने वाला था और वर्तमान में मेरठ के शिवपुरम में किराए के मकान में पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। मांगे चिनाई मिस्त्री का काम करता था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम मांगे शराब पीकर घर आया था। कुछ देर बाद उसने काम के सिलसिले में बाहर जाने की बात कही और घर से निकल गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो पत्नी ने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। बुधवार सुबह मोहकमपुर राजवाहे में शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पत्नी अपने दो छोटे बच्चों के साथ मौके पर पहुंची। शव की पहचान मांगे के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की जेब में करीब पांच हजार रुपये होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मांगे आखिरी बार किसके साथ और किस दिशा में गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)