मेरठ में 10 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला शव:प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने हत्या की थी, हार्ट अटैक बताकर दफना दिया था

Oct 08, 2026 - 14:06
0
मेरठ में 10 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला शव:प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने हत्या की थी, हार्ट अटैक बताकर दफना दिया था
मेरठ के तालिब हत्याकांड की जांच के लिए गुरुवार को प्रशासन की मौजूदगी में उसकी कब्र खोदी गई। कब्रिस्तान में भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कब्र से शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तालिब की पत्नी इल्मा ने 28 सितंबर को प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की थी। परिवार को गुमराह करने के लिए उसने तालिब की मौत हार्ट अटैक से होने की बात बताई थी। परिवार ने सामान्य मौत मानकर 29 सितंबर को शव को दफना दिया था। बाद में तालिब की गर्दन पर चोट के निशान और उसके मोबाइल में मिली चैट से परिजनों को हत्या का शक हुआ। मोबाइल में अमन के साथ हुई बातचीत मिलने के बाद परिवार ने इल्मा से पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की स्थिति स्पष्ट होगी। 4 साल पहले हुई थी तालिब-इल्मा की शादी मुजफ्फरनगर के रसूलपुर-दभेड़ी के रहने वाले जुल्फिकार के बेटे तालिब (30) की शादी 4 साल पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके के अंजुम पैलेस निवासी मोमिन की बेटी इल्मा (27) से हुई थी। दोनों की तीन साल की बेटी है। तालिब राजमिस्त्री का काम करता था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ मेरठ की जाकिर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। इल्मा पास में स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी। 28 सितंबर को घर लौटने के बाद हुई मौत 28 सितंबर को तालिब काम से घर लौटा था। शाम करीब 7 बजे इल्मा ने तालिब के मोबाइल से परिवार के लोगों को फोन कर बताया कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही फतेहुल्लापुर में रहने वाला तालिब का चचेरा भाई अकरम सबसे पहले घर पहुंचा। इल्मा ने उसे बताया कि काम से लौटने के बाद तालिब की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। वह बिस्तर पर लेटा और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजन उसी रात तालिब का शव पैतृक गांव रसूलपुर-दभेड़ी ले गए। इल्मा भी परिवार के साथ गांव पहुंची। 29 सितंबर को तालिब को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान इल्मा पति की मौत पर रोती रही। 30 सितंबर को वह ससुराल से मेरठ लौट आई। देवर ने मोबाइल मांगा तो इल्मा ने किया इनकार तालिब की मौत के बाद परिवार को हार्ट अटैक से मौत की बात सही नहीं लग रही थी। इसी वजह से 1 अक्टूबर को तालिब के मामा का बेटा रईस मेरठ स्थित इल्मा के घर पहुंचा। उसने इल्मा से तालिब का मोबाइल मांगा, लेकिन उसने मोबाइल के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। रईस ने कमरे में तालिब का मोबाइल तलाशना शुरू किया। तलाशी के दौरान उसे कपड़े के नीचे मोबाइल मिल गया। मोबाइल ऑन कर मैसेज और चैटिंग देखने पर तालिब और अमन के बीच बातचीत मिली। चैट में तालिब ने अमन को अपनी पत्नी से बात करने से मना किया था। इसके बाद रईस का शक इल्मा पर और गहरा गया। उसने इल्मा की मां की मौजूदगी में उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ में इल्मा ने हत्या की बात कबूली रईस की पूछताछ में इल्मा ने पति तालिब की हत्या की बात कबूल कर ली। उसके मुताबिक, तालिब आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। 28 सितंबर को भी काम से लौटने के बाद उसने इल्मा के साथ मारपीट की थी। इल्मा ने बताया कि इससे नाराज होकर उसने अमन को फोन कर घर बुलाया। अमन अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा। उसके मुताबिक, अमन और उसके दोस्त ने तालिब के साथ मारपीट की और तीनों ने मिलकर उसे काबू में कर लिया। इसके बाद अमन ने इल्मा की चुन्नी का इस्तेमाल कर तालिब की जान ले ली। घटना के बाद अमन ने उसे किसी को कुछ नहीं बताने के लिए कहा। उसने परिवार से तालिब की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कहने को भी कहा। इल्मा के मुताबिक, अमन ने उससे यह भी कहा था कि उसकी इद्दत पूरी होने के बाद वह उससे निकाह कर लेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई गुरुवार को प्रशासन की मौजूदगी में तालिब की कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम भूपेंद्र सिंह और सीओ गजेंद्र सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट शाम तक मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User