मेरठ में 11000 वोल्ट लाइन की चपेट में आई महिला:परिजन बोले- कई बार शिकायत के बाद भी लाइन नहीं हटाई
पीएल शर्मा रोड पर आनंद डेयरी के सामने रहने वाली अनीता राणा बुधवार शाम 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गईं। हादसे में उनके हाथ में चोट आई। परिजनों के मुताबिक हादसा शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। उस समय अनीता राणा घर के छज्जे पर खड़ी थीं। इसी दौरान कुछ पाइप बिजली की 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें करंट लग गया। अनीता के बेटे हिमांशु राणा ने बताया कि घर के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को लेकर वह पहले भी संबंधित बिजली विभाग से कई बार शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि लाइन घर के काफी नजदीक है और इससे लगातार खतरा बना रहता है। उन्होंने कई बार लाइन को घर से दूर करने और आगे शिफ्ट करने की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। करंट लगने के बाद अनीता राणा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद भी नहीं पहुंचा कोई कर्मचारी हिमांशु के अनुसार हादसे के बाद उन्होंने संबंधित जेई को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके पर आने के लिए कहा। आरोप है कि जेई ने फोन पर कहा कि इसमें वह क्या कर सकते हैं। लाइनमैन को भेजने की बात कही गई, लेकिन परिजन के अनुसार मौके पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। हिमांशु ने जेई से खुद मौके पर आने के लिए कहा तो भी जेई ने उन्हें जवाब दिया कि इसमें कुछ नहीं किया जा सकता। हिमांशु का आरोप है कि यह लाइन लंबे समय से खतरा बनी हुई है। उनके मुताबिक इससे पहले भी कई पक्षियों और कुछ बंदरों की जान जा चुकी है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले बिजली विभाग को लाइन की स्थिति का समाधान करना चाहिए। परिजनों ने लाइन को घर से सुरक्षित दूरी पर करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)