मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में स्नैचर को लगी गोली:महिला के छीने कुंडल बरामद, हापुड़ अड्डे पर 5 अक्टूबर को की थी वारदात
मेरठ के परतापुर पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे मुस्तैदी दिखाते हुए महिला के कुंडल छीनने के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 5 अक्टूबर को हापुड़ अड्डे के पास महिला के कुंडल छीने थे। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार देर रात काशी-दयाल मार्ग पर गगोल रोड की ओर जा रहे संदिग्ध को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगा। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी पहचान प्रहलादनगर निवासी कपिल के रूप में हुई है। पुलिस को देखते ही भागा, टीम पर झोंका फायर पुलिस के अनुसार, देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध की गतिविधियां देखकर उसे रोकने का प्रयास किया गया था। पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और कथित तौर पर टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने के बाद आरोपी भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे दबोच लिया। परतापुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्नैचिंग के मामले में अहम बरामदगी हुई है। तमंचा, कारतूस और छीने गए कुंडल मिले पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और पीली धातु के दो कुंडल बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कपिल ने हापुड़ अड्डे के पास महिला से कुंडल छीनने की वारदात स्वीकार की। इस मामले में नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपी पर पहले से पांच मुकदमे पुलिस के अनुसार, कपिल के खिलाफ चोरी, बरामदगी और आयुध अधिनियम समेत पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में परतापुर थाने में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया- घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध हथियार बरामद होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)