मेरठ में रावण दहन पर 2500 पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा:32 स्थानों पर होगा रावण दहन, प्रमुख रामलीला मैदानों पर भीड़ प्रबंधन की खास तैयारी
मेरठ में दशहरा पर रावण दहन और रामलीला आयोजनों को लेकर मेरठ पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। जिले में करीब 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। शहर से देहात तक रामलीला स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, निगरानी और आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम किए गए हैं। 36 जगह रामलीला, 32 जगह रावण का दहन प्रमुख आयोजन स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस का फोकस इस बार सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से प्रवेश और निकासी कराने पर भी है, ताकि किसी आपात स्थिति में भगदड़ या अव्यवस्था न फैले। जिले में करीब 36 स्थानों पर रामलीला का मंचन होता है। इनमें से 32 स्थानों पर रावण दहन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इन आयोजनों में 15 शहरी और 17 ग्रामीण क्षेत्र के स्थल शामिल हैं। हर साल बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने वाले स्थानों को प्राथमिकता पर रखा गया है। दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान, कैंट का भैंसाली मैदान, सूरजकुंड पार्क, राजबन रामलीला, तोपखाना मैदान और कसेरूखेड़ा रामलीला मैदान पर विशेष निगरानी रहेगी। 2500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
सुरक्षा व्यवस्था में दो एडिशनल एसपी, नौ डिप्टी एसपी, 31 इंस्पेक्टर और 550 उपनिरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके अलावा 650 हेड कांस्टेबल, 810 कांस्टेबल और महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। एक कंपनी रैपिड रिएक्शन फोर्स (आरआरएफ), 250 होमगार्ड/पीआरडी जवानों और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थानीय थानों की क्यूआरटी को अलर्ट रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली जा सके। एंट्री-एग्जिट गेट बढ़ाने पर रखा जोर
रामलीला और रावण दहन स्थलों पर भीड़ के दबाव को देखते हुए आयोजन समितियों को प्रवेश और निकासी के अधिक से अधिक गेट रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का जोर है कि भीड़ एक ही रास्ते पर जमा न हो और लोगों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।
प्रमुख स्थलों पर पुलिसकर्मी भीड़ की स्थिति पर नजर रखेंगे। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और मौके पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी योजना तैयार की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ड्रोन भी भरेंगे उड़ान
सभी रामलीला स्थलों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। मंचों और आयोजन स्थलों के आसपास कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कुछ प्रमुख स्थानों पर ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य भीड़ की स्थिति का आकलन करने के साथ किसी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की आशंका पर समय रहते कार्रवाई करना है। एसएसपी बोले- नवरात्र पर पुलिस अलर्ट है
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि नवरात्र शुरू होने के बाद से ही पुलिस अलर्ट मोड पर है। रावण दहन और दशहरा आयोजनों को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ मूलभूत जरूरतों और भीड़ प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। क्षेत्रीय थानों की क्यूआरटी को भी अलर्ट रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)