मेरठ में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत:साथी घायल, चालक फरार; पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
मेरठ के हापुड़ रोड पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लोहियानगर थाना क्षेत्र के नरहेड़ा कट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। लोहियानगर थाना पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, फफूंडा गांव निवासी मनवीर उर्फ मोनू पुत्र हरिराम अपने साथी उमेश के साथ बाइक से हापुड़ गया था। बुधवार रात दोनों वहां से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब उनकी बाइक नरहेड़ा कट के पास पहुंची, तभी सामने से आई ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच चालक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर वहां से निकल गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही लोहियानगर थाना प्रभारी सुमित तोमर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां मनवीर को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, घायल उमेश का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद शव को मर्चरी भिजवा दिया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस थाना प्रभारी सुमित तोमर के मुताबिक, हादसे के संबंध में अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)