मेरठ में ट्यूशन टीचर ने नाबालिग छात्रा से रेप किया:वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपए भी ऐंठे, परिवार पर भी आरोप

Oct 03, 2026 - 17:22
0
मेरठ में ट्यूशन टीचर ने नाबालिग छात्रा से रेप किया:वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपए भी ऐंठे, परिवार पर भी आरोप
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा ने अपने ट्यूशन शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर शनिवार को पुलिस ने शिक्षक और उसके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में शिक्षक पर नाबालिग छात्रा के साथ रेप करने, वीडियो के नाम पर धमकाने और रुपये ऐंठने का आरोप लगाया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पीड़िता के माता पिता के मुताबिक, उनकी बेटी करीब एक साल से आरोपी शिक्षक के यहां ट्यूशन पढ़ने जाती थी। इसी दौरान शिक्षक ने उसके साथ गलत हरकत की। परिवार का कहना है कि करीब चार महीने पहले छात्रा के व्यवहार में बदलाव आया। वह गुमसुम रहने लगी थी। परिजनों के पूछने पर उसने उस समय तबीयत खराब होने की बात कही थी। पिता का आरोप है कि बाद में उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली। पीड़ित पिता ने बताया कि आरोपी ने छात्रा को कथित वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई लाख रुपये भी ऐंठ लिए। पीड़ित परिवार ने शिक्षक की मां, बहन और बहनोई पर भी मामले में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। परिवार के अनुसार, दो दिन पहले उनके घर एक लिफाफा पहुंचा। उसमें छात्रा और आरोपी से संबंधित विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र और कुछ अन्य दस्तावेज थे। दस्तावेज मिलने के बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई और उन्होंने नौचंदी थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दस्तावेजों, शिकायत में लगाए गए आरोपों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User