मेरठ नगर निगम में महापौर- नगर आयुक्त मुर्दाबाद के नारे:वार्ड 6 के लोगों ने पार्षद के साथ निगम का गेट बंद कर किया प्रदर्शन

Oct 08, 2026 - 16:02
0
मेरठ नगर निगम में महापौर- नगर आयुक्त मुर्दाबाद के नारे:वार्ड 6 के लोगों ने पार्षद के साथ निगम का गेट बंद कर किया प्रदर्शन
मेरठ नगर निगम के वार्ड नंबर-6 स्थित शंकरनगर में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पार्षद प्रशांम कसाना के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान लोगों ने नगर निगम के गेट को बंद कर नगर आयुक्त और महापौर के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने साफ रूप से अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक समाधान नहीं होता है उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। पार्षद प्रशांत कसाना ने बताया कि शंकरनगर को नगर निगम में शामिल हुए करीब 30-35 साल हो चुके हैं, लेकिन आज तक यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। क्षेत्र में न तो पक्की सड़कें हैं और न ही नालियों की पर्याप्त व्यवस्था। पेयजल और स्ट्रीट लाइट की समस्या भी बनी हुई है। अधिकांश रास्ते कच्चे हैं और उनमें झाड़ियां उगी हुई हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। पार्षद ने आरोप लगाया कि वह पिछले करीब छह महीने से अधिकारियों से क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों से कई बार मौके पर चलकर स्थिति देखने को कहा गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना था कि जहां पहले से सड़कें बनी हुई हैं, वहां बार-बार निर्माण कराया जा रहा है, जबकि शंकरनगर में आज भी लोग कच्चे रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि वे इस बार केवल आश्वासन लेकर वापस नहीं जाएंगे। उनकी मांग है कि नगर निगम अधिकारी मौके पर आकर स्थिति देखें और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दें। लोगों ने कहा कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा। इस दौरान वेदव्यासपुरी, शंकरनगर, कुंडा, मोहकमपुर और पुठा समेत वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों से लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User