मेरठ PAC सेंटर पर फिजिकल टेस्ट में पांच अभ्यर्थी बेहोश:तीन महिला अभ्यर्थियों के पैर में फ्रैक्चर, SDS अस्पताल में भर्ती
मेरठ में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत बुधवार को आयोजित फिजिकल टेस्ट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कई महिला अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मेरठ स्थित PAC सेंटर पर शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान पांच महिला अभ्यर्थी बेहोश हो गईं। वहीं, फिजिकल टेस्ट के दौरान तीन महिला अभ्यर्थियों के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद भर्ती केंद्र पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बेहोश और घायल अभ्यर्थियों को उपचार के लिए SDS अस्पताल भेजा गया। सभी का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार कराया जा रहा है। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र स्थित डोली में छठी वाहिनी पीएसी है। यहां अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट चल रहा है बुधवार को अभ्यर्थियों में शामली की शालू और विशु, मुजफ्फरनगर की काजल, प्रीति और अनमोल तथा मेरठ की शिवानी समेत अन्य महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। फिजिकल टेस्ट के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने और चोट लगने के बाद उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फिजिकल टेस्ट के दौरान महिला अभ्यर्थी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन कर रही थीं। इसी दौरान कुछ अभ्यर्थियों को कमजोरी महसूस हुई और वे मैदान में ही गिरकर बेहोश हो गईं। वहीं, दौड़ और शारीरिक गतिविधि के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के पैर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही भर्ती केंद्र पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने स्थिति संभाली। घायल अभ्यर्थियों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने अभ्यर्थियों की जांच शुरू की। पुलिस भर्ती की प्रक्रिया के बीच एक साथ कई महिला अभ्यर्थियों के चोटिल होने और बेहोश होने से केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। अधिकारियों की निगरानी में भर्ती प्रक्रिया जारी रखी गई। अभ्यर्थियों की मेडिकल स्थिति और चोटों की वास्तविक गंभीरता चिकित्सकीय जांच के बाद स्पष्ट होगी। मंगलवार को भी फिजिकल टेस्ट के दौरान कई अभ्यर्थी बेहोश हो गए थे जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया वहीं बुधवार को अभ्यर्थियों के बेहोश होने से हड़कंप मच गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)