मेटा के अलर्ट पर 8 मिनट में पहुंची पुलिस:पुलिस ने बचाई युवक की जान, इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की कोशिशों का वीडियो पोस्ट किया था
आर्थिक तंगी से परेशान 24 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का वीडियो पोस्ट किया। मेटा कंपनी से मिले अलर्ट पर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई की और गाजियाबाद के लिंक रोड थाने की पुलिस महज 8 मिनट में युवक के घर पहुंच गई। पुलिस टीम ने कमरे में पहुंचकर युवक को फंदा लगाने से पहले सुरक्षित बचा लिया। समय रहते पुलिस की सक्रियता से एक युवक की जान बच गई। पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक 18 अक्टूबर को युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा मैं अपनी लाइफ जीना नहीं चाहता, इसलिए मैं फांसी लगाने जा रहा हूं। इस पोस्ट के बाद 18 अक्टूबर को रात 2:07 बजे मेटा कंपनी की ओर से यूपी डीजीपी मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल से अलर्ट मिला। अलर्ट मिलते ही अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। मोबाइल नंबर से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस को दी सूचना जानकारी मिलते ही डीजीपी राजीव कृष्ण ने अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर ने उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन का पता लगाया और कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद लिंक रोड थाने के उप निरीक्षक रंजीत कुमार, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार और आरक्षी रोहिताश कुमार युवक के घर पहुंचे। पुलिस टीम ने युवक के परिजनों को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो के बारे में बताया और बिना देर किए उसके कमरे में पहुंच गई। वहां पुलिसकर्मियों ने देखा कि छत पर लगे पंखे से रस्सी का फंदा लटका हुआ था। युवक मोबाइल पर कुछ देखते हुए बड़बड़ा रहा था। वह काफी तनाव में दिखाई दे रहा था। उसकी स्थिति देखकर पुलिसकर्मियों को आशंका हुई कि वह किसी भी समय आत्महत्या की कोशिश कर सकता है। पुलिसकर्मियों ने युवक को कमरे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उसे समझाया और शांत कराया। टेलर की दुकान पर करता है काम, घर का खर्च चलाना मुश्किल सामान्य स्थिति में आने के बाद पुलिस ने युवक से बातचीत की। इस दौरान उसने बताया कि वह एक टेलर की दुकान पर काम करता है। उसकी कमाई से घर का खर्च पूरा नहीं हो पा रहा था। आर्थिक परेशानियों के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव और भावनात्मक अवसाद से जूझ रहा था। इसी तनाव के चलते उसके मन में आत्महत्या के विचार आने लगे और उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की और उसे इस मुश्किल परिस्थिति से निकलने के लिए समझाया। युवक ने भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने समय पर पहुंचकर युवक की जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों का आभार जताया और उनकी संवेदनशीलता की सराहना की। हर महीने मेटा अलर्ट से बची 100 से अधिक लोगों की जान उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से एक व्यवस्था लागू है। इसके तहत फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट किए जाने पर मेटा कंपनी ई-मेल और फोन के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस को अलर्ट भेजती है। इसके बाद पुलिस संबंधित व्यक्ति की पहचान और लोकेशन का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई करती है। 1 जनवरी 2023 से लेकर 10 अक्टूबर 2026 तक यूपी पुलिस ने 4071 लोगों की जान समय से मिले मेटा अलर्ट की वजह से बचाई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)