मुजफ्फरनगर में रावण के साथ जलेगा कॉकरोच का पुतला:15 फीट ऊंचे कॉकरोच का होगा दहन, आयोजक बोले- समाज में गंदगी फैला रहे
मुजफ्फरनगर में इस बार दशहरे पर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के साथ कॉकरोच का पुतला भी जलाया जाएगा। नुमाइश कैंप ग्राउंड में होने वाले दशहरा उत्सव में 15 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्रीराम सेवा दल पिछले 37 वर्षों से यहां लगातार दशहरा दहन उत्सव आयोजित कर रहा है। आयोजकों के मुताबिक, कॉकरोच के पुतले को जलाने का उद्देश्य समाज में फैली गंदगी, बुराइयों और माहौल खराब करने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ संदेश देना है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे इस पुतले को खड़ा किया गया। आयोजकों ने इस पहल के जरिए पारंपरिक दशहरा उत्सव को सामाजिक संदेश से जोड़ने की कोशिश की है। रावण का पुतला 65 फीट ऊंचा
इस बार उत्सव में रावण का पुतला 65 फीट, मेघनाद का 55 फीट और कुंभकरण का पुतला 50 फीट ऊंचा बनाया गया है। इनके साथ 15 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का भी दहन होगा। श्रीराम सेवा दल के कोषाध्यक्ष कुलभूषण कुमार बजाज ने बताया कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए कॉकरोच के पुतले को समाज में फैली गंदगी और बुरी प्रवृत्तियों के प्रतीक के रूप में तैयार किया गया है। इसका दहन कर ऐसी बुराइयों के अंत का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी पुतलों के निर्माण पर करीब 2 लाख रुपए खर्च हुए हैं।
रिमोट से होगा पुतलों का दहन
आयोजकों के मुताबिक, मंगलवार शाम 7 से 8 बजे के बीच पुतला दहन किया जाएगा। मंच पर मौजूद अतिथि रिमोट का बटन दबाकर सभी पुतलों को एक साथ जलाएंगे। कार्यक्रम में डीएम उमेश कुमार मिश्रा, एसएसपी सूरज कुमार राय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
CFO ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
सोमवार शाम करीब 4:30 बजे मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अनुराग कुमार ने नुमाइश ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप मिली। पुतलों के अंदर छोटे-छोटे पटाखे, अनार और फुलझड़ियां लगाई गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)