महावीर जैन इंटर कॉलेज में मनाया क्षमावाणी पर्व:मेधावी छात्रों और शिक्षकों का हुआ सम्मान, बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
हरिपर्वत स्थित महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में क्षमावाणी पर्व के रूप में वार्षिक उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने एक-दूसरे से क्षमा मांगकर आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त शिक्षक का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यालय के निदेशक एवं PNC ग्रुप के मालिक प्रदीप जैन ने कहा कि आज विद्यालय में वार्षिक उत्सव क्षमावाणी पर्व के रूप में मनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे से क्षमा मांगी। क्षमावाणी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत और मानवता का पर्व है। उन्होंने आपसी मनमुटाव भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय के मैनेजर जितेंद्र कुमार जैन और अखिल बरोलिया ने कहा कि इस तरह के पर्व विद्यालय में आपसी समरसता बढ़ाते हैं। विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच प्रेमभाव मजबूत होता है और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. संजय गर्ग भी उपस्थित रहे। उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया और क्षमावाणी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यालय के गणित-विज्ञान शिक्षक डॉ. विवेक कुमार दीक्षित को सेवानिवृत्ति वर्ष के अवसर पर प्रबंध समिति की ओर से सम्मानित किया गया। उन्होंने करीब 37 वर्षों तक विद्यालय में शिक्षण कार्य किया। मेधावी विद्यार्थियों को दिए पुरस्कार बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 25 और हाईस्कूल में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 29 विद्यार्थियों को स्मृति पुरस्कार दिए गए। इंटरमीडिएट में गणित विषय में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और प्रबंध समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. संजय गर्ग ने सभी अतिथियों और विद्यालय परिवार का आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)