महिला जेई को जबरन शराब पिलाने वाला इंजीनियर सस्पेंड:सहारनपुर में रक्तदान शिविर में अभद्रता की थी, शिकायत के बाद एक्शन
सहारनपुर में महिला अवर अभियंता (जेई) से अभद्रता और जबरन शराब पिलाने की कोशिश के आरोप में लोक निर्माण विभाग ने जेई अनुज भारद्वाज को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 15 सितंबर को अभियंता दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान हुई घटना के मामले में की गई है। महिला जेई की शिकायत पर पहले ही जनकपुरी थाने में आरोपी समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। निलंबन के बाद अनुज भारद्वाज को मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर भी शिकायत के बाद कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। गर्दन पकड़कर शराब पिलाने की कोशिश का आरोप 15 सितंबर 2026 को अभियंता दिवस पर देहरादून चौक स्थित संघ भवन में लोक निर्माण विभाग की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। महिला जेई तनु राजपूत ने आरोप लगाया था कि इसी दौरान निर्माण खंड सहारनपुर में तैनात जेई अनुज भारद्वाज ने शराब के नशे में उनके साथ अभद्रता की और जबरन शराब पिलाने की कोशिश की। महिला जेई ने 18 सितंबर को जनकपुरी थाने में शिकायत दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने अनुज भारद्वाज समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। घटना के समय जेई गरिमा गुप्ता, सचिन पंवार और अन्य कर्मचारियों के मौजूद होने की बात भी सामने आई थी। विभागीय शिकायत के बाद निलंबन आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के नियम-7 के तहत प्रमुख अभियंता कार्यालय में परिवाद दायर किया गया था। इसके बाद विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी ने निलंबन का आदेश जारी किया। अधिशासी अभियंता मोहित गुप्ता ने बताया कि संबंधित जेई को शासन की ओर से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले में विभागीय कार्रवाई के साथ पुलिस जांच भी जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)