महिला को पेट्रोल डालकर जलाया, आरोपी गिरफ्तार:छत का दरवाजा न खोलने पर गुस्सा हुआ, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
बांदा में नरैनी कस्बे के पटेल नगर में छत का दरवाजा खोलने से मना करने पर महिला को पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पुलिस ने आरोपी अनुज को व्यास मंदिर के पास से पकड़ा। पुलिस मीडिया सेल ने शाम 5:25 बजे गिरफ्तारी की जानकारी दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला का रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। दरवाजा खोलने को लेकर हुआ था विवाद नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर निवासी प्रिया द्विवेदी पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार अपनी दो बेटियों के साथ रहती हैं। आरोप है कि शनिवार, 10 अक्टूबर की सुबह पड़ोसी युवक अनुज छत पर कूदकर पहुंचा और दरवाजा खुलवाने के लिए पीटने लगा। प्रिया ने दरवाजा खोलने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बेटी ने पेट्रोल डालकर आग लगाने का लगाया आरोप प्रिया की बेटी प्रभा देवी के आरोप के मुताबिक, दरवाजा नहीं खोलने से नाराज अनुज ने उनकी मां पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे प्रिया गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने आग बुझाई और महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी पुलिस के मुताबिक, रविवार को प्रभा देवी की शिकायत पर नरैनी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अनुज पुत्र संतोष, निवासी पटेल नगर को व्यास मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पहले भी विवाद होने की जानकारी पुलिस के अनुसार, महिला और आरोपी के बीच पहले भी विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। फिलहाल महिला का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)