'आज कॉकरोच, कल सुअर या मक्खी पार्टी बनेगी':राज्यसभा सांसद बोले- सपा इतनी बदनाम कि अखिलेश नाम लेने से बच रहे
राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार कानपुर पहुंचे प्रकाश पाल ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और INDI गठबंधन पर जमकर हमला बोला। रविवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है। वहीं, सपा के PDA पर तंज कसते हुए उन्होंने इसका मतलब ‘पैसा देने वाले आओ’ बताया। प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि INDI गठबंधन के दल लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के जरिए चुनाव जीतने में असमर्थ हैं, इसलिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्ष की राजनीति को समझ रही है। ‘कॉकरोच पार्टी बनाकर लोकतंत्र का मजाक’ प्रकाश पाल ने CJP को लेकर कहा कि अगर कोई कॉकरोच के नाम पर पार्टी बना सकता है, तो कल कोई सुअर या मक्खी के नाम पर भी पार्टी बना देगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र का मजाक बताया। आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के पीछे अंतरराष्ट्रीय ताकतें काम कर रही हैं और उनका उद्देश्य भारत को अस्थिर करना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष EVM और वोट चोरी की बात करता है, लेकिन उसे यह भी बताना चाहिए कि दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव किस माध्यम से हुए थे। उन्होंने कहा कि जो छात्रसंघ चुनाव नहीं जीत पा रहे, वह देश में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। ‘PDA का मतलब पैसा देने वाले आओ’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए प्रकाश पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी इतनी बदनाम हो गई है कि उसके नेता अपनी पार्टी का नाम लेने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को पहले समाजवादी पार्टी भंग करके PDA के नाम से नया संगठन बनाना चाहिए और फिर इसकी राजनीति करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव तक PDA का मतलब ‘पैसा देने वाले आओ’ रहेगा और टिकट वितरण के बाद इसका नाम ‘पारिवारिक डिस्ट्रीब्यूशन अलायंस’ हो जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सपा का नाम लेने से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग साथ नहीं आते, तो इसकी वजह क्या है? कांग्रेस को बताया परजीवी, 350 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा सपा-कांग्रेस गठबंधन पर प्रकाश पाल ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान है। उन्होंने कांग्रेस को परजीवी बताते हुए कहा कि अब वह दूसरे दलों के सहारे खड़ी होने की स्थिति में है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की जोड़ी को पहले भी हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 350 से ज्यादा सीटें जीतकर विपक्ष को फिर पराजित करेगी। राहुल गांधी पर भी लगाए आरोप प्रकाश पाल ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश में किन लोगों से मिलते हैं, इसकी जानकारी भारत सरकार और विदेश मंत्रालय को नहीं होती। उन्होंने राहुल गांधी की गतिविधियों को देश की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बताया। साथ ही आरोप लगाया कि विपक्ष विरोध प्रदर्शनों के जरिए अराजकता और हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)