महिला सुरक्षा, अधिकारों का संदेश लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं:बेगमपुल से पुलिसलाइन तक निकाली रैली, मिशन शक्ति 6.0 के तहत 20 अक्टूबर तक अभियान

Oct 12, 2026 - 20:35
0
महिला सुरक्षा, अधिकारों का संदेश लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं:बेगमपुल से पुलिसलाइन तक निकाली रैली, मिशन शक्ति 6.0 के तहत 20 अक्टूबर तक अभियान
मेरठ में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश लेकर सोमवार को महिलाएं सड़कों पर उतरीं। मिशन शक्ति 6.0 के तहत बेगमपुल से पुलिस लाइन तक जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें महिला पुलिसकर्मियों के साथ स्कूल-कॉलेज व सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं ने भी भाग लिया। हाथों में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर निकलीं महिलाओं ने लोगों को जागरूक रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनने का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व एडीजी जोन भानु भास्कर, डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी और एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने संयुक्त रूप से किया। 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक कार्यक्रम मिशन शक्ति के अंतर्गत 11 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और सरकारी सहायता तंत्र की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना है। जागरूकता रैली के माध्यम से भी महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि वह किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करें। हेल्प डेस्क दे रहीं सुरक्षा का भरोसा एडीजी जोन भानु भास्कर ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान और परिवार परामर्श केंद्रों में महिला काउंसलिंग हेल्प डेस्क के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देना और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कार्यक्रमों से समाज तक पहुंचेगा संदेश आईपीएस अंडर ट्रेनी एवं एएसपी सिविल लाइंस दीक्षा भोरिया ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी दर्ज कराई उपस्थित रैली में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और कैंट विधायक अमित अग्रवाल भी मौजूद रहे। इनके अलावा एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और सीओ कैंट संजय गुप्ता सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। 20 अक्टूबर तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम मिशन शक्ति 6.0 के तहत 20 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में महिलाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सहायता के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है। अभियान के माध्यम से पुलिस का प्रयास है कि महिलाएं अपनी समस्याओं को सामने लाने में संकोच न करें और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्प डेस्क तथा पुलिस सहायता सेवाओं का लाभ उठाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User