महराजगंज में ग्रामीणों का धरना:सड़क और नाली निर्माण की मांग, तहसीलदार ने मांगा 27 दिन का समय

Oct 12, 2026 - 20:35
0
महराजगंज में ग्रामीणों का धरना:सड़क और नाली निर्माण की मांग, तहसीलदार ने मांगा 27 दिन का समय
महराजगंज के फुर्सतपुर बाजार में पक्की सड़क और नाली के निर्माण की मांग को लेकर गांधीवादी नेता सुरेश और रविंद्र जैन के नेतृत्व में ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है। धरने के पांचवें दिन इस आंदोलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर दास ने भी अपना समर्थन दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि देश को आजादी मिले दशकों बीत गए, लेकिन उनके इलाके में आज तक सड़क नहीं बनी है। लोगों में इस बात को लेकर भी भारी रोष है कि यह इलाका सत्ताधारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद विकास से कोसों दूर है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे फुर्सतपुर बाजार के आक्रोशित ग्रामीण पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों के इस प्रदर्शन को कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। धरने के दौरान जनहित किसान पार्टी के जिलाध्यक्ष विंद्रेश चौरसिया, महामंत्री धर्मराज वर्मा, शिवदयाल सेना के जिलाध्यक्ष अरुण वर्मा और राकेश यादव सहित भारी संख्या में ग्रामीण व अन्य लोग उपस्थित रहे। आंदोलन के तूल पकड़ने के बाद प्रशासनिक अमला भी हरकत में आया। मौके पर पहुंचे सदर तहसीलदार पंकज शाही ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से लंबी वार्ता की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सड़क और नाली के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों से 27 दिन का समय मांगा है। तहसीलदार के इस ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीण फिलहाल मान गए हैं, लेकिन उन्होंने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे फिर से सड़क पर उतरकर उग्र धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User