महिला थाने में मॉडल मिशन शक्ति केंद्र और क्रेच खुला:पीड़ित महिलाओं को मिलेगी मदद, पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखभाल भी होगी
महोबा में मिशन शक्ति अभियान फेज-06 के तहत पुलिस ने एक अभिनव पहल की है। एसपी शशांक सिंह ने नवनिर्मित महिला थाने में मॉडल मिशन शक्ति केंद्र और क्रेच शिशु गृह' का उद्घाटन किया। इससे जहां पीड़ित महिलाओं को सहायता और मार्गदर्शन मिलेगा, वहीं महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखभाल के लिए खिलौनों और पठन-सामग्री से सुसज्जित सुरक्षित माहौल भी तैयार हुआ है। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए महोबा पुलिस ने एक बेहतरीन कदम उठाया है। मिशन शक्ति अभियान फेज-06 के तहत एसपी शशांक सिंह ने नवनिर्मित महिला थाने में मॉडल मिशन शक्ति केंद्र एवं क्रेच शिशु गृह का फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। एसपी ऑफिस के पास बने महिला थाने में स्थापित यह मॉडल मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सरकारी योजनाओं तथा महिला सशक्तीकरण से जुड़ी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगा।दूसरी तरफ, महिला थाने में बना क्रेच विशेष रूप से ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों और पुलिस दंपति के बच्चों के लिए तैयार किया गया है। इसमें बच्चों के खेलने, पढ़ने, मनोरंजन और विश्राम के लिए रंग-बिरंगे खिलौने, पुस्तकें और छोटे टेबल-कुर्सियां रखी गई हैं। साथ ही बच्चों की देखरेख के लिए केयरटेकर की भी तैनाती की गई है। एसपी शशांक सिंह ने इसे पुलिस कल्याण और तनावमुक्त कार्य वातावरण की दिशा में एक अहम कदम बताया। इस कार्यक्रम के दौरान एएसपी वंदना सिंह, सीओ रविकांत गोंड, महिला थाना प्रभारी निकिता शुक्ला और स्कूली छात्राएं मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)