महिलाओं से बदसलूकी, अवैध हिरासत के आरोप:पुलिस टीम बहाल, थाना प्रभारी पर भी उठे थे सवाल

Oct 11, 2026 - 06:56
0
महिलाओं से बदसलूकी, अवैध हिरासत के आरोप:पुलिस टीम बहाल, थाना प्रभारी पर भी उठे थे सवाल
बदायूं में निजी गाड़ी से दूसरी चौकी के क्षेत्र में दबिश देने, दरवाजा तोड़कर घर में घुसने और महिलाओं से बदसलूकी के आरोपों में घिरी बस्तोई सीकरी चौकी की पुलिस टीम अब फिर ड्यूटी पर लौट आई है। दरोगा मनीष भारद्वाज समेत निलंबित किए गए पांचों पुलिसकर्मियों को बहाल कर दिया गया है। जिस मामले में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी, उसमें थाना प्रभारी बाबूराम गौतम की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई थी। मामले में दरोगा मनीष भारद्वाज के अलावा सिपाही सुरजीत सिंह, लोकेश, हरीश और संदीप भाटी को निलंबित किया गया था। आरोपों की जांच के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने कार्रवाई की थी। सदर विधायक पीड़ित परिवार को साथ लेकर एसएसपी से मिले थे, जिसके बाद पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी थी। अब सभी पांचों की बहाली के बाद कार्रवाई के नतीजे पर सवाल उठ रहे हैं। मामला सिर्फ दबिश देने तक सीमित नहीं था। आरोप था कि पुलिसकर्मी निजी गाड़ी से अपने क्षेत्र से बाहर दूसरी चौकी के इलाके में पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गए। घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी बदसलूकी किए जाने के आरोप लगे थे। इसके बाद परिजनों को थाने के पिछले गेट से अंदर ले जाकर अवैध हिरासत में रखने की शिकायत की गई थी। इस पूरे घटनाक्रम में थाना प्रभारी बाबूराम गौतम की भूमिका भी जांच के दायरे में आई थी। आरोप था कि उन्हें घटनाक्रम और परिजनों के थाने पहुंचने की जानकारी होने के बावजूद उच्चाधिकारियों को समय से सूचना नहीं दी गई। मामला मैनेज करने की भी कोशिश की गई थी। इस मामले में उनसे जवाब भी तलब किया गया था। जबकि बाद में उन्हें क्लीनचिट दे डाली गई। एक नजर पूरे मामले पर 7 सितंबर की रात एनडीपीएस मामले के आरोपी उदय प्रकाश की तलाश में बस्तोई सीकरी चौकी की पुलिस टीम निजी गाड़ी से दूसरी चौकी क्षेत्र में पहुंची थी। आरोप है कि पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और महिलाओं के साथ बदसलूकी की। परिवार के लोगों को हिरासत में लेकर थाने के पिछले गेट से अंदर लाया गया और अवैध रूप से हिरासत में रखा गया। शिकायत के बाद सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने जांच की। इसके आधार पर चौकी प्रभारी मनीष भारद्वाज समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। अब सभी को बहाल कर दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User