महोबा में 9 लाख की सीसी रोड बनते ही फटी:ठेकेदार ने जेई के मना करने पर भी घटिया डस्ट से बनाई सड़क, ग्रामीणों को दी धमकी
शारदीय नवरात्रि में जहां एक तरफ मंदिरों के रास्तों को सुगम बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ महोबा से जिला पंचायत के निर्माण कार्य में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। कबरई विकासखंड के अतरार माफ गांव में माता रानी के मंदिर तक जाने वाली 9 लाख रुपये की सीसी सड़क निर्माण में मानक विहीन सामग्री के इस्तेमाल पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। जेई के मना करने के बावजूद ठेकेदार ने डस्ट से घटिया सड़क बना दी, जो बनते ही फट गई। महोबा जिले के अतरारमाफ गांव में स्थित देवी मंदिर तक श्रद्धालुओं की राह आसान करने के लिए जिला पंचायत निधि से 145 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क पर ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और उसके कर्मचारियों द्वारा खुलेआम मानकों की धज्जियां उड़ाई गई।
सड़क निर्माण में घटिया सामग्री और बड़ी मात्रा में डस्ट का इस्तेमाल किया गया, जिसका नतीजा यह हुआ कि सड़क बनते ही एक ही दिन में जगह-जगह से फट गई और उसमें गहरी दरारें आ गईं। गुरुवार सुबह 9 बजे ग्रामीण बताते है कि जब उन्होंने इस घटिया निर्माण कार्य का विरोध किया, तो ठेकेदार के कर्मचारियों ने उल्टा ग्रामीणों को ही एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे डाली।
हद तो तब हो गई जब जिला पंचायत के जेई के फोन पर काम रोकने के आदेश को भी ठेकेदार ने दरकिनार कर दिया। इस मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय हलधर किसान यूनियन भी ग्रामीणों के समर्थन में उतर आई है। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष ने मामले में कमीशनखोरी और ठेकेदार की गुंडागर्दी का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में निर्माण कार्य मानक के विपरीत पाया गया, तो सड़क को उखाड़कर दोबारा बनवाया जाएगा। साथ ही दोषी ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और मानक के अनुरूप कार्य पूरा न होने तक किसी भी तरह का भुगतान रोक दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)