महोबा में बिजली विभाग के तार चोरी में FIR:पुलिस को युवक के बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका, जांच शुरू
महोबा में बिजली विभाग का भारी मात्रा में तार चोरी कर ट्रैक्टर से ले जा रहे एक आरोपी के खिलाफ शनिवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। शुक्रवार शाम विद्युत विभाग की सतर्कता से पकड़े गए आरोपी से पुलिस अब गहन पूछताछ कर रही है। इतनी बड़ी मात्रा में तार चोरी होने से पुलिस को किसी बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों का सुराग लगाने में जुट गई है। महोबा के दिसरापुरा गांव में शुक्रवार की शाम जब बिजली विभाग की टीम ने ट्रैक्टर पर लादकर ले जाया जा रहा 600 किलो वजनी तार पकड़ा, तो इस बड़े नेटवर्क की परतें खुलने लगीं। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बजरिया उपकेंद्र के अवर अभियंता आशीष पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने किड़ारी निवासी रोहित कुमार यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) में केस दर्ज किया है। आरोपी को मौके से महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली और 24 रोल (600 किग्रा) विभागीय डग कंडक्टर तार के साथ पकड़ा गया था, जिसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि आखिर यह अकेले व्यक्ति का काम है या इसके पीछे कोई पेशेवर तार चोर गिरोह सक्रिय है। जानकारों की मानें तो इतनी भारी मात्रा में बंद पड़ी 66 केवी लाइन से तार काटना और उसे ट्रोली में लोड करना किसी एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। शहर कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार सुबह 8 बजे फोन पर जानकारी दी कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस पकड़े गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस चोरी में उसके साथ कौन-कौन शामिल थे और कटे हुए तारों को कहाँ खपाने की योजना थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद तार चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। फिलहाल पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)