महोबा में गुलाबी-गैंग ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा:बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग, संपत पाल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने निकाला विरोध मार्च

Oct 09, 2026 - 16:37
0
महोबा में गुलाबी-गैंग ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा:बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग, संपत पाल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने निकाला विरोध मार्च
महोबा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुलाबी गैंग ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल और बुंदेलखंड कमांडर फरीदा बेगम के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों व पत्रकारों के साथ हुई कथित पुलिस अभद्रता के विरोध में आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ऊदल चौक से तहसील तक निकाला मार्च गुलाबी साड़ी पहने महिलाएं ऊदल चौक से हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर निकलीं। मुख्य बाजार से होते हुए तहसील परिसर तक विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान महिलाओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। तहसील परिसर पहुंचने के बाद सभी प्रदर्शनकारी धरने पर बैठ गईं और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। संपत पाल ने लगाया वोट चोरी का आरोप गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए वोट चोरी का दावा किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जाग चुकी है। चुनाव सॉफ्टवेयर के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए और पुरानी वोटर लिस्ट बहाल की जानी चाहिए। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाली लड़कियों पर पुलिस के बल प्रयोग की भी कड़े शब्दों में निंदा की। ‘लोकतांत्रिक अधिकारों को दबा रही सरकार’ संपत पाल ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का काम कर रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बुंदेली गीतों से जताया आक्रोश तहसील परिसर में धरने के दौरान गुलाबी गैंग की महिलाओं ने बुंदेली गीतों के जरिए अपना विरोध जताया। इसके बाद एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने, पुरानी वोटर लिस्ट बहाल करने, जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग की गई। ‘हमें अच्छे दिन नहीं, पुराने दिन लौटा दो’ गुलाबी गैंग की बुंदेलखंड कमांडर फरीदा बेगम ने सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमें इस सरकार के अच्छे दिन नहीं चाहिए, बल्कि हमारे पुराने दिन लौटा दिए जाएं। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा। मांगें नहीं मानीं तो दिल्ली तक होगा आंदोलन गुलाबी गैंग ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संगठन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं दिल्ली के जंतर-मंतर तक जाकर प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में बदलाव और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User