महोबा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू:SIR में छूटे नाम जोड़ने और संशोधन के लिए पोलिंग बूथों पर लगे कैंप
महोबा में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हो चुकी है। SIR प्रक्रिया के दौरान सूची से हटे पात्र मतदाताओं के नाम फिर से जोड़ने, नए मतदाता बनाने और संशोधन के लिए जिले के पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए हैं। डीएम प्रभास कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से भी इस प्रक्रिया में सहयोग की अपील की है। 17 अक्टूबर के बाद अब अगला विशेष कैंप 24 अक्टूबर को लगाया जाएगा। जिले में महोबा सदर और चरखारी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र की नींव मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के विशेष अभियान के तहत महोबा के राजकीय वीर भूमि डिग्री कॉलेज समेत तमाम पोलिंग बूथों पर बीएलओ तैनात कर दिए गए हैं। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस कैंप का मुख्य उद्देश्य उन पात्र नागरिकों को दोबारा मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनके नाम पूर्व में चली SIR प्रक्रिया के दौरान किसी कारणवश कट गए थे। लोगों की आवाजाही थोड़ी कम देखने को मिली इसके अलावा, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के लिए फॉर्म-6 भरकर नए नाम जुड़वाने, किसी गलत प्रविष्टि को हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, फोटो या पते में संशोधन व स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरवाए जा रहे हैं। कैंप के पहले दिन यानी 17 अक्टूबर को केंद्रों पर लोगों की आवाजाही थोड़ी कम देखने को मिली। बीएलओ राजकुमारी वर्मा और बूथ संख्या 157 के बीएलओ योगेंद्र अनुरागी का कहना है कि प्रचार-प्रसार के बावजूद पहले दिन जागरूकता की कुछ कमी रही, लेकिन दिन ढलने और जानकारी बढ़ने के साथ ही लोग जन्म प्रमाण पत्र और निवास के साक्ष्यों के साथ पहुंचने लगे हैं। डीएम प्रभास कुमार ने जिले के सभी राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्रशासन का कहना है कि जो लोग आज इस सुविधा का लाभ नहीं उठा सके हैं, वे 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले अगले विशेष कैंप में पहुंचकर अपने मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण करा सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)