महोबा में संक्रामक बीमारियों के केस बढ़े:बुखार के 7 गंभीर मरीज भर्ती, टायफाइड के 3 नए केस मिले; ओपीडी में लंबी कतारें

Oct 17, 2026 - 11:47
0
महोबा में संक्रामक बीमारियों के केस बढ़े:बुखार के 7 गंभीर मरीज भर्ती, टायफाइड के 3 नए केस मिले; ओपीडी में लंबी कतारें
महोबा में दिन की तेज धूप और रात की हल्की ठंडक के बीच लोगों की सेहत बिगड़ रही है। शनिवार सुबह जिला अस्पताल खुलते ही मरीजों की भीड़ जुट गई। पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्ष तक लंबी कतारें लगी रहीं। सबसे ज्यादा मरीज बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 750 मरीजों की जांच हुई। वहीं, 95 मरीज भर्ती वार्ड में और 49 मरीज इमरजेंसी में इलाज के लिए पहुंचे। पिछले 24 घंटे में तेज बुखार से हालत बिगड़ने पर 7 मरीजों को भर्ती करना पड़ा। जांच में टायफाइड के तीन नए मामले भी सामने आए हैं। बदलते मौसम के बीच जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर भीड़ लगी रही। डॉक्टरों को दिखाने के लिए भी मरीजों और तीमारदारों को इंतजार करना पड़ा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में बुखार और दूसरी मौसमी बीमारियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। 44 नमूनों की जांच में टायफाइड के 3 केस शुक्रवार को अस्पताल की लैब में 156 मरीजों के ब्लड सैंपल लिए गए। इनमें से 44 नमूनों की जांच में तीन मरीजों में टायफाइड की पुष्टि हुई। वहीं, डेंगू के तीन और मलेरिया के 42 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई। स्वास्थ्य विभाग के लिए यह राहत की बात है, लेकिन बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या चिंता बढ़ा रही है। तेज बुखार से बिगड़ी हालत, 7 मरीज भर्ती पिछले 24 घंटे में तेज बुखार से पीड़ित सात मरीजों की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टर मरीजों की जांच के बाद उनका इलाज कर रहे हैं। अस्पताल में लगातार मरीज पहुंचने से स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ा है। सीएमएस ने दी सावधानी बरतने की सलाह मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से खान-पान में सावधानी बरतने और तबीयत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने की अपील की। डॉक्टरों की सलाह है कि बुखार को हल्के में न लें और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User