ललितपुर में पहले पत्नी फिर पति ने जान दी थी:पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, डेढ़ एकड़ में बोई उड़द की फसल खराब होने से परेशान थे

Oct 17, 2026 - 11:47
0
ललितपुर में पहले पत्नी फिर पति ने जान दी थी:पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, डेढ़ एकड़ में बोई उड़द की फसल खराब होने से परेशान थे
ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र के लालौन गांव में गुरुवार रात एक दंपति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार सुबह दोनों के शव घर के कमरे में अलग-अलग साड़ियों के फंदे से लटके मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, दोनों की मौत फांसी लगाने से हुई है। मृतकों की पहचान अनेक अहिरवार (32) और उनकी पत्नी जयंती (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आए दिन होने वाले विवाद की बात सामने आई है। वहीं, परिजनों का कहना है कि डेढ़ एकड़ में बोई गई उड़द की फसल खराब होने से भी दंपति परेशान था। सुबह कमरे में लटके मिले दोनों के शव लालौन गांव निवासी अनेक अहिरवार गुरुवार रात करीब आठ बजे अपनी पत्नी जयंती के साथ कमरे में सोने चले गए थे। शुक्रवार सुबह सात बजे तक दोनों के कमरे से बाहर नहीं आने पर अनेक के पिता जानकी अहिरवार ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर उन्होंने अन्य परिजनों की मदद से दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर पति-पत्नी के शव लकड़ी की म्यारी से अलग-अलग साड़ियों के फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आठ साल पहले हुई थी शादी मृतका जयंती के भाई राज अहिरवार, निवासी केलगुवा गांव, ने बताया कि उनकी बहन की शादी करीब आठ साल पहले अनेक अहिरवार से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं—चार साल का बेटा कार्तिक और तीन साल की बेटी हिमांशी। राज के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उनकी बहन से मोबाइल पर बात हुई थी। उस समय उसने किसी तरह की परेशानी नहीं बताई थी। करीब 15 दिन पहले उसका जीजा उसे मायके से अपने साथ गांव ले गया था। राज ने बताया कि जयंती और अनेक दिल्ली में मजदूरी करते थे। करीब एक महीने पहले दोनों खेती-किसानी देखने के लिए गांव आए थे। फसल खराब होने से भी थे परेशान मृतक अनेक के भतीजे संदीप अहिरवार ने बताया कि उनके चाचा चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। वह खेती-किसानी के साथ दिल्ली में मजदूरी भी करते थे। संदीप के मुताबिक, गुरुवार रात दंपति का बेटा अपने दादा के पास सो रहा था, जबकि बेटी अपने मामा के घर थी। संदीप ने बताया कि चाचा-चाची के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। इसके अलावा, उनके हिस्से की करीब डेढ़ एकड़ जमीन में बोई गई उड़द की फसल खराब हो गई थी। इससे भी वे परेशान थे। दंपति की मौत के बाद उनके दोनों छोटे बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User