महराजगंज में दंपती पर गिरा सांखू का पेड़, मौत:दोनों बकरी खोजने जंगल में गए थे, बेटी घायल; हादसा के अगले दिन पुलिस मौके पर पहुंची
पनियरा थाना क्षेत्र के चंदनचाफी गांव में शनिवार दोपहर तेज आंधी और बारिश के दौरान जंगल में सांखू का पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आए पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे में उनकी 19 वर्षीय बेटी अंजीलिका भी घायल हो गई। बारिश थमने के बाद देर शाम ग्रामीण जंगल पहुंचे और पेड़ काटकर दंपती को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। गांव निवासी गौरी शंकर पासवान (55) पुत्र रामबृक्ष और उनकी पत्नी श्रीमती देवी चंदनचाफी के रहने वाले थे। शनिवार दोपहर करीब दो बजे उनकी बेटी अंजीलिका जंगल में बकरी चरा रही थी। इसी दौरान बकरी कहीं चली गई। अंजीलिका ने इसकी जानकारी माता-पिता को दी। इसके बाद तीनों जंगल में बकरी की तलाश करने लगे। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक सांखू का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से गौरी शंकर, श्रीमती देवी और अंजीलिका घायल हो गए। अंजीलिका किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। तेज बारिश और आंधी के कारण ग्रामीण तत्काल जंगल नहीं जा सके। बारिश रुकने के बाद देर शाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ काटकर दंपती को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। चार बेटियों के सिर से उठा माता-पिता का साया मृतक दंपती की चार बेटियां हैं। इनमें कौशल्या और सुशीला की शादी हो चुकी है, जबकि अखिलेश होशिला और अंजीलिका अविवाहित हैं। हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। रविवार सुबह सूचना पर पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)