मिल्कीपुर में 485 दुर्गा प्रतिमाओं का होगा विसर्जन, पुलिस अलर्ट:सीओ बोले- अराजकता फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
अयोध्या की मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार से शुरू होगा। कुल 485 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनके विसर्जन के लिए 18 घाट तैयार किए गए हैं। अगले तीन दिनों तक चलने वाले विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस लगातार बाइक और पैदल गश्त कर रही है। सोमवार दोपहर बाद क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष पाल और थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुमारगंज थाना क्षेत्र के कस्बा कुमारगंज, बहादुरगंज, बीसा का पुरवा, इटौंजा और पिठला समेत विभिन्न स्थानों पर बाइक और पैदल गश्त की। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना लक्ष्य क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने बताया कि मिल्कीपुर सर्किल के तीनों थाना क्षेत्रों में स्थापित 485 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन आगामी तीन दिनों में कराया जाना है। इसे देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है। उन्होंने कहा कि त्योहार में खलल डालने और अराजकता फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। किसी ने भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए तैयार किए गए सभी 18 घाटों का एसडीएम के साथ कई बार निरीक्षण किया जा चुका है। अधिकांश घाटों पर तैयारियां पूरी हो गई हैं। जहां भी कोई कमी शेष है, उसे सोमवार शाम तक दूर करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गश्त के दौरान एनडीए प्रभारी अभिषेक सिंह, बीसापुर चौकी प्रभारी राजेश गुप्ता, चिलबिली चौकी प्रभारी शैलेंद्र मणि समेत थाने के उपनिरीक्षक, महिला एवं पुरुष कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)