मिनी ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत:दादी की तबीयत खराब होने पर मायके जा रही थी सनव्वर, पांच बच्चों की मां थी मृतका
सहारनपुर में थाना गंगोह बस स्टैंड चौक पर शनिवार को सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने छोटे भाई के साथ मायके जा रही थी। इसी दौरान मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरने के बाद मिनी ट्रक की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान गांव मैनपुरा निवासी सनव्वर (36) के रूप में हुई है। वह अपने छोटे भाई तारिक के साथ बाइक पर सवार होकर गांव झाडवन स्थित अपने मायके जा रही थी। बताया गया कि सनव्वर की दादी की तबीयत खराब थी। उनकी तबीयत की जानकारी मिलने के बाद वह दादी को देखने के लिए भाई के साथ मायके के लिए निकली थी। चौक पर पहुंचते ही बाइक को मारी टक्कर परिजनों के अनुसार, सनव्वर और उसका भाई तारिक बाइक से सहारनपुर बस स्टैंड चौक के पास पहुंचे थे। इसी दौरान एक मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार भाई-बहन सड़क पर जा गिरे। तारिक हादसे में बाल-बाल बच गया, जबकि सनव्वर मिनी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सनव्वर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मिनी ट्रक चालक मौके पर मौजूद था। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। पांच बच्चों की मां थी सनव्वर हादसे की जानकारी जैसे ही सनव्वर के गांव और परिवार के लोगों को मिली, घर में कोहराम मच गया। पति असलम समेत परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बताया गया कि सनव्वर के पांच बच्चे हैं। मां की मौत की खबर मिलने के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने हादसे के बाद घटनास्थल की जानकारी जुटाई और मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी मृतका के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)