मिर्जापुर में 7 अक्टूबर को लगेगा निःशुल्क नेत्र शिविर:मोतियाबिंद की जांच, ऑपरेशन के साथ अस्पताल और भोजन भी मुफ्त मिलेगा
मिर्जापुर। आंखों की बीमारी का इलाज पैसे की कमी के कारण न रुके, इसके लिए राष्ट्रवादी मंच ने पहल की है। मंच की ओर से 7 अक्टूबर, बुधवार को लालडिग्गी में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की आंखों की जांच करेंगे और मोतियाबिंद पाए जाने पर ऑपरेशन के लिए मरीजों को चिन्हित किया जाएगा। शिविर का आयोजन आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल, यूनिट ऑफ श्री कांची कामकोटी मेडिकल ट्रस्ट के सहयोग से किया जा रहा है। जांच के बाद ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने की भी व्यवस्था मंच की ओर से की जाएगी। मरीजों को बस या कार से निःशुल्क अस्पताल ले जाया जाएगा। अस्पताल में उपचार के साथ भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी। राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को समय पर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना है। कई लोग आंखों की समस्या को उम्र का असर मानकर जांच नहीं कराते। बाद में बीमारी बढ़ने पर परेशानी अधिक हो जाती है। ऐसे लोगों को शिविर के माध्यम से जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि "मानव सेवा ही भगवान की सेवा है" की भावना के साथ मंच सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय है। आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच होने से बीमारी की पहचान और उपचार की दिशा तय की जा सकती है। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं अपनी आंखों की जांच कराने के साथ घर के बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद लोगों को भी शिविर तक लेकर आएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकें। इस दौरान नगर अध्यक्ष आनन्द अग्रवाल, रवि पुरवार, मनोज दमकल, संतोष सिंह आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)