मिर्जापुर में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं:संपूर्ण समाधान दिवस में 261 शिकायतें आईं, 29 का मौके पर हुआ निपटारा

Oct 17, 2026 - 21:48
0
मिर्जापुर में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं:संपूर्ण समाधान दिवस में 261 शिकायतें आईं, 29 का मौके पर हुआ निपटारा
मिर्जापुर में शनिवार को जिले की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। सदर तहसील में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिले की चारों तहसीलों में कुल 261 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 29 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर निर्धारित समय में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जमीन संबंधी मामलों में संयुक्त टीम करेगी जांच सदर तहसील में डीएम के सामने 63 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। उन्होंने शेष शिकायतों की गंभीरता से जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जमीन की पैमाइश और कब्जा दिलाने से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए। टीम दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले की जांच करे और तथ्यों के आधार पर पीड़ित को न्याय दिलाना सुनिश्चित करे। बोले- फरियादियों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें जिलाधिकारी ने कहा कि किसी फरियादी को एक ही शिकायत के निस्तारण के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर प्रभावी कार्रवाई के आधार पर किया जाए। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से शिकायतकर्ताओं के मोबाइल फोन पर सीधे संपर्क कर निस्तारण का फीडबैक लिया जा रहा है। इसलिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, ताकि फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके। तीन अन्य तहसीलों में 19 शिकायतों का निस्तारण मड़िहान तहसील में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संगम लाल के सामने 52 प्रार्थना पत्र आए। इनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। लालगंज तहसील में अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व विजेता के सामने 35 शिकायतें आईं, जिनमें से 5 का निस्तारण हुआ। वहीं, चुनार तहसील में उपजिलाधिकारी के सामने 111 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें से 9 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी महेंद्र सिंह, तहसीलदार दीक्षा पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User