मिर्जापुर में विंध्याचल नवरात्र-मेले की तैयारियों को लेकर कमिश्नर सख्त:10 अक्टूबर तक हाईवे दुरुस्त करने का अल्टीमेटम, लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी

Oct 07, 2026 - 21:36
0
मिर्जापुर में विंध्याचल नवरात्र-मेले की तैयारियों को लेकर कमिश्नर सख्त:10 अक्टूबर तक हाईवे दुरुस्त करने का अल्टीमेटम, लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी
मिर्जापुर के विंध्याचल में 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार शाम प्रशासनिक भवन में बैठक हुई। मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और डीआईजी पूनम ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक समेत संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हाईवे की खराब स्थिति पर फटकार मंडलायुक्त ने मेला क्षेत्र की सड़कों, गलियों और संपर्क मार्गों की मरम्मत कर आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए। निर्माण या खुदाई वाले स्थानों पर काम तत्काल बंद कर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने को कहा। दुकानदारों के अतिक्रमण हटाने और सड़कों पर प्लास्टिक पन्नी आदि नहीं लगाने देने के निर्देश भी दिए। मिर्जापुर-विंध्याचल हाईवे की खराब स्थिति पर मंडलायुक्त ने एनएचआई के प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाई। उन्होंने 10 अक्टूबर तक सड़क दुरुस्त कराने का अल्टीमेटम दिया। समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी। घाटों पर बैरिकेडिंग और गोताखोर तैनात होंगे मेला क्षेत्र और गंगा घाटों पर विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए। जलस्तर के अनुसार घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश, अस्थायी शौचालय और महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए स्थान बनाने को कहा गया। प्रत्येक घाट पर नाव और गोताखोर के साथ गंगा पार भी गोताखोर तैनात करने के निर्देश दिए गए। 24 घंटे बिजली और यातायात व्यवस्था पर जोर मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और पहाड़ी इलाकों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने तथा खराब हाईमास्ट की मरम्मत के निर्देश दिए गए। तीनों मंदिरों, गर्भगृह, हवन कुंड और घाटों की विद्युत सुरक्षा जांच कराने के साथ विंध्याचल में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। डीआईजी पूनम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। रूट डायवर्जन, बैरियर, नो-एंट्री और वाहनों की प्रवेश-निकासी व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाएगा। बैठक में एडीएम विनोद कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, पंडा समाज अध्यक्ष पंकज द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User