मिशनशक्ति अभियान के तहत 100 से अधिक महिलाओं का सम्मान:आजमगढ़ पुलिस लाइन में डीआईजी और एसएसपी ने किया सम्मानित
आजमगढ़ में शारदीय नवरात्रि और मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। 14 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना था। समारोह में महिला खिलाड़ियों, विद्यालयों और महाविद्यालयों की प्रतिभाशाली छात्राओं, दिव्यांग महिलाओं एवं बालिकाओं, महिला चिकित्सकों, नर्सों, शिक्षिकाओं तथा गैर-सरकारी संगठनों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय काम करने वाली महिलाओं का सम्मान
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं का समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने साथ-साथ दूसरी महिलाओं और बालिकाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज जायसवाल, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक ज्ञान चंद्र पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार जागरूकता और प्रोत्साहन संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)