मांट और नौहझील बने ओवरऑल विजेता:मथुरा में 70वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन
मथुरा में जनपद की 70वीं माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बुधवार, 14 अक्टूबर को गणेशरा स्टेडियम में सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के 50 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित की गई। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मांट ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि महावन और फरह ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में नौहझील की टीम ओवरऑल विजेता रही, जबकि उसपार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी आजाद सिंह और प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय प्रताप सिंह रहे। कार्यक्रम संयोजक बदन सिंह और मनवीर सिंह ने अतिथियों का पटुका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि राघवेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ खेल भी बेहद आवश्यक हैं। खेलकूद से शारीरिक फिटनेस बनी रहती है और मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपने प्रशिक्षकों के साथ प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और शारीरिक क्षमता का विकास करना रहा। इस अवसर पर डॉ. मनवीर सिंह, डॉ. देव प्रकाश, डॉ. पदम सिंह, देशराज सिंह, सुरेश सिंह तोमर, दिनेश सिंह राणा, निरंजन सोलंकी, संजय सिंह, शालिनी अग्रवाल, गोवर्धन दास गुप्ता, कमल कुमार गौड़, चंद्रभान यादव, निखिल अग्रवाल, महिपाल सिंह, श्यामवीर सिंह, अतुल कुमार, रतना सिंह, विमल प्रकाश सिंह, विनीश शर्मा, गोविंद गौतम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनवीर सिंह ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)