MLC चुनाव में सपा की ताकत बढ़ाएंगे भूपेंद्र श्रीवास्तव:डॉ. मान सिंह यादव के समर्थन में एकजुट हो रहे कायस्थ, कहा-हमेशा साथ देंगे

Oct 20, 2026 - 13:53
0
MLC चुनाव में सपा की ताकत बढ़ाएंगे भूपेंद्र श्रीवास्तव:डॉ. मान सिंह यादव के समर्थन में एकजुट हो रहे कायस्थ, कहा-हमेशा साथ देंगे
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से डॉ. मान सिंह यादव को समर्थन देने के लिए कायस्थ समाज के लोगों ने बैठक की। प्रयागराज के कायस्थ समाज के प्रमुख नेताओं में गिने जाने वाले भूपेंद्र श्रीवास्तव पीयूष को चुनाव प्रभारी बनाए जाने पर समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में भूपेंद्र श्रीवास्तव पीयूष की अगुवाई में आयोजित बैठक में चुनाव की तैयारियों, मैनेजमेंट और मतदाता सूची को लेकर चर्चा की गई। बैठक में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव भी शामिल हुए। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। बैठक में मौजूद कायस्थ समाज के सम्मानित लोगों और बुद्धिजीवियों ने चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने तथा प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। डॉ. मान सिंह यादव ने कहा कि कायस्थ समाज की बौद्धिक क्षमता, वैचारिक समझ और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान का समाज हमेशा ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि पहले भी प्रोफेसर, जज और अन्य बड़े पदों पर कायस्थ समाज के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह चुनाव भी बौद्धिकता और विचारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के कायस्थ समाज के सम्मानित लोगों और बुद्धिजीवियों का समाजवादी पार्टी के समर्थन में आगे आना उनके लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए वह समाज के आजीवन आभारी रहेंगे। डॉ. यादव ने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद वह कायस्थ समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। समाज के हितों को आगे बढ़ाने के साथ ही हर संभव सहयोग भी करेंगे, ताकि समर्थन देने वाले लोगों को अपने फैसले पर कभी पछतावा न हो। बैठक में चुनाव को लेकर रणनीति बनाने, मतदाता सूची की समीक्षा करने और मतदाताओं तक पहुंचने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। आयोजकों ने कायस्थ समाज के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैठक और चुनाव संबंधी कार्यक्रमों में भाग लें तथा डॉ. मान सिंह यादव के समर्थन में एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User