मंत्री रेखा आर्या का 5 एकड़ में फैला 'फिल्मी महल':पति का आरोप रेखा आर्या की 210 करोड़ की अवैध संपत्ति', सवालों में बरेली का आलीशान फार्महाउस
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के बीच छिड़े सियासी व पारिवारिक संग्राम के बीच दैनिक भास्कर की टीम बरेली के बड़े बाईपास स्थित लालपुर पहुंची। यहां करीब 5 एकड़ के विशाल परिसर में एक बेहद आलीशान, फिल्मी स्टाइल की कोठी खड़ी है। सफेद खंभों, ऊंचे-ऊंचे गुंबदों और भव्य बालकनी के साथ बनी यह हवेली किसी भव्य राजमहल जैसी नजर आती है। ओमेक्स सिटी के समीप बन रहे इस प्रोजेक्ट में लाल पत्थरों और मार्बल से सुसज्जित एक भव्य मंदिर परिसर और एक विशाल स्विमिंग पूल भी तैयार किया गया है। पारिवारिक कलह के बाद महीनों से ठप पड़ा निर्माण कार्य
इस आलीशान कोठी का निर्माण कार्य पिछले कुछ महीनों से अचानक थम गया है। बताया जा रहा है कि मंत्री रेखा आर्या और उनके पति पप्पू गिरधारी के बीच पिछले करीब 6 महीनों से विवाद चल रहा है, जिसके बाद से ही यहां ताले जैसे हालात हैं। मौके पर स्विमिंग पूल सूखा पड़ा है, फर्श और बाउंड्रीवॉल का अधूरा काम बिखरा पड़ा है। स्थानीय स्तर पर तैनात सुरक्षा गार्ड रोहित ने बताया कि वह पिछले दो महीने से यहां सुरक्षा में तैनात है, लेकिन इस दौरान न तो मंत्री रेखा आर्या यहां आई हैं और न ही उनके पति पप्पू गिरधारी। यहां सिर्फ एक-दो कर्मचारी ही निगरानी के लिए मौजूद हैं। देहरादून में मंत्री के आंसू और पति पर FIR
यह पूरा विवाद तब खुलकर सामने आया जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर के साथ मंत्री का रोते हुए एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने पति पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, उत्पीड़न और पारिवारिक कलह के गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते सियासत और पुलिस की जांच के केंद्र में आ गए। पति पप्पू गिरधारी का पलटवार- '210 करोड़ की अवैध संपत्ति'
एफआईआर दर्ज होने के बाद बरेली के बारादरी निवासी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी ने फेसबुक लाइव आकर सीधा मोर्चा खोल दिया। उन्होंने मंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए वायरल ऑडियो को एआई जनरेटेड बताया। साहू ने दावा किया कि शादी के वक्त रेखा आर्या के पास कुछ नहीं था, लेकिन आज उनके पास 210 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्तियां, कोठियां और फैक्ट्रियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी में 110 करोड़ के शेयर और चुनावी हलफनामे में संपत्ति छिपाने के विवाद के चलते उन पर फर्जी केस दर्ज कराया गया है। सीएम से पीएम आवास तक धरने की चेतावनी
37 धार्मिक व राजनीतिक पदों पर सक्रिय रहे गिरधारी लाल साहू ने सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर वे दोषी पाए जाएं तो उन्हें सीधे फांसी दे दी जाए या जेल भेजा जाए, लेकिन अगर तहरीर झूठी है तो कार्रवाई मंत्री पर होनी चाहिए। उन्होंने एलान किया है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे मुख्यमंत्री आवास से लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर तक धरने पर बैठेंगे और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)