मोबाइल छीनने वाले बदमाशों पर 25 हजार का इनाम घोषित:फतेहपुर में शनिदेव मंदिर के पास आईफोन-15 छीनकर फरार हुए थे दो युवक

Oct 16, 2026 - 15:23
0
मोबाइल छीनने वाले बदमाशों पर 25 हजार का इनाम घोषित:फतेहपुर में शनिदेव मंदिर के पास आईफोन-15 छीनकर फरार हुए थे दो युवक
फतेहपुर में मोबाइल फोन और बैग छीनने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अज्ञात बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बदमाशों के बारे में सही और उपयोगी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान में मदद के लिए एक ऑडियो भी जारी किया है। सफेद अपाचे से आए थे दो बदमाश 6 जुलाई 2026 को शाम करीब 7:30 बजे फतेहपुर शहर में शनिदेव मंदिर के पास छीना-झपटी की घटना हुई थी। सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश पीड़ित आलोक पटेल का काले रंग का आईफोन-15 (128 जीबी) छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनसे संदिग्धों के बारे में कुछ अहम सुराग मिलने की बात कही गई है। सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के आसपास के निवासी होने का अनुमान पुलिस का अनुमान है कि संदिग्ध युवक सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के नौवस्ता या उसके आसपास के इलाके के निवासी हो सकते हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास संदिग्धों के नाम, पते, ठिकाने या पहचान से जुड़ी सटीक जानकारी हो, तो कोतवाली नगर थाने को सूचित करें। पुलिस के मुताबिक, सही और उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ऑडियो में मोबाइल लौटाने के बदले 5 हजार मांगने की बात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी ऑडियो में एक महिला कथित मोबाइल छीनने वाले से फोन वापस करने की बात कह रही है। ऑडियो में दूसरी ओर से बोल रहा व्यक्ति मोबाइल लौटाने के बदले 5 हजार रुपये मांगता सुनाई देता है। वह कथित तौर पर कहता है कि रकम नहीं मिलने पर फोन किसी और को बेच देगा और रोजाना 10 से 15 फोन छीनना उसका काम है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्धों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल कोतवाली नगर थाने को सूचित करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User