मऊ में 1200 एनएचएम कर्मचारियों का धरना शुरू, सेवाएं ठप:मांगें पूरी न होने पर 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदर्शन, 12 को लखनऊ कूच

Oct 08, 2026 - 13:34
0
मऊ में 1200 एनएचएम कर्मचारियों का धरना शुरू, सेवाएं ठप:मांगें पूरी न होने पर 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदर्शन, 12 को लखनऊ कूच
मऊ जिले में विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के करीब 1200 कर्मचारियों ने गुरुवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू किया। संगठन के अध्यक्ष शैलजाकांत पांडेय और महामंत्री आशुतोष राय के नेतृत्व में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते जिले में एनएचएम से जुड़ी नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की बात कही जा रही है, जबकि इमरजेंसी सेवाएं जारी रखी गई हैं। एनएचएम संगठन के जिलाध्यक्ष शैलजाकांत पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य विभाग में बड़ी संख्या में कर्मचारी संविदा पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सेवाओं को संचालित करने में संविदा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। चाहे मेडिकल इमरजेंसी हो, टीकाकरण अभियान हो या स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं, कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करते हैं। उन्होंने कहा कि काम के मुकाबले कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन कम है। वेतन, नौकरी की सुरक्षा, बोनस और कर्मचारियों के हितों से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसी के चलते प्रदेश संगठन के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में कर्मचारी धरना दे रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 12 अक्टूबर को लखनऊ कूच किया जाएगा, जहां कर्मचारी इको गार्डन में धरना देंगे। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है। धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी सीएमओ कार्यालय परिसर में मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। धरना प्रदर्शन के दौरान डॉ रामदास, डॉ अश्वनी सिंह, हुमैरा खातून, नीलम चौहान, कृष्णा राय, शहजाद, रतनलाल, वीरेंद्र यादव, डॉ सौरभ सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User