मऊ में दशहरा-दुर्गा पूजा पर नई परंपरा नहीं:DJ भी तय मानकों पर बजेगा,शांति समिति की बैठक; पंडालों में CCTV जरूरी

Oct 04, 2026 - 09:37
0
मऊ में दशहरा-दुर्गा पूजा पर नई परंपरा नहीं:DJ भी तय मानकों पर बजेगा,शांति समिति की बैठक; पंडालों में CCTV जरूरी
मऊ में दशहरा, दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन और भरत मिलाप को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक हुई। डीएम आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, शांति समिति के सदस्यों और अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान आने वाली समस्याओं और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। 10 अक्टूबर से रामलीला के शुभारंभ को देखते हुए रेलवे फाटक कोतवाली के पास सड़क की मरम्मत, जर्जर विद्युत तार बदलने और हाई वोल्टेज तारों के नीचे सुरक्षा जाली लगाने की मांग उठी। राजगद्दी की भूमि से अवैध निर्माण हटाने और त्योहारों के दौरान खुले में घूमने वाले पशुओं पर नियंत्रण की भी मांग की गई। विसर्जन मार्ग की सड़कें दुरुस्त कराने की मांग व्यापार मंडल अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने मूर्ति विसर्जन के प्रमुख मार्ग डाकघर, शहर कोतवाली, रेलवे फाटक से बालनिकेतन मोड़ तक सड़क की मरम्मत कराने की मांग रखी। रौजा बाजार से सदर चौक होते हुए रघुनाथपुर तक 11 हजार वोल्ट के तारों के नीचे सुरक्षा व्यवस्था करने की भी मांग की गई। मोहम्मदाबाद गोहना में तमसा नदी पुल से नदवासराय बाजार तक जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी बैठक में उठाई गई। सफाई और पेयजल की व्यवस्था बेहतर रखने का आश्वासन नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने त्योहारों के दौरान सफाई और पेयजल व्यवस्था बेहतर रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि माता पोखरा के पास नाला निर्माण पैमाइश के कारण रुका हुआ है। पैमाइश पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। DJ पर रहेगी निगरानी, पंडालों में CCTV जरूरी अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान DJ निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बजाए जाएंगे। प्रतिमा स्थलों और शोभायात्रा मार्गों पर पूजा समितियों से CCTV कैमरे लगाने की अपील की गई। शोभायात्रा के दौरान शराब का सेवन नहीं करने और हिंदी भवन क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए रास्ता पर्याप्त चौड़ा रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि 10 अक्टूबर से त्योहारों का शुभारंभ हो रहा है। छोटी-बड़ी सभी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को देने की अपील की। त्योहार से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश डीएम आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को त्योहारों से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। रेलवे फाटक पर सेतु निगम के कार्य को समय से पूरा कराने, खुले विद्युत तारों को सुरक्षित करने और पंडालों के आसपास सुरक्षा जाली लगाने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को विशेष सफाई अभियान चलाने तथा नगर पालिका और पशुपालन विभाग को खुले में घूम रहे पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। ‘नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं’ डीएम ने सभी पूजा समितियों से पंडालों में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी दशा में कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों को पहचान पत्र साथ रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User