मऊ में दुर्गा पूजा-दशहरा की सुरक्षा व्यवस्था जांची गई:483 प्रतिमाएं, 17 जुलूस और 57 जगहों पर रावण दहन; ड्रोन से भी होगी निगरानी
मऊ में दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने सोमवार शाम करीब 6 बजे नगर क्षेत्र में पैदल मार्च किया। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ कोतवाली नगर से मिर्जाहादीपुरा तक प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी, रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षाकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जरूरतों की जानकारी ली।
483 स्थानों पर स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमाएं डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शारदीय नवरात्र के दौरान जिले में 483 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा 17 जुलूस और शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जबकि 57 स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। कई जगह देवी जागरण और डांडिया कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने बताया कि शासन और डीजीपी मुख्यालय से भी पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। एसपी के नेतृत्व में सभी राजपत्रित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले और पूजा स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
महिला सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर डीआईजी ने कहा कि त्योहार के दौरान महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाने के साथ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया सेल, खुफिया तंत्र और सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन से निगरानी, छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन सेवा और त्वरित कार्रवाई टीम सहित अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं। डीआईजी ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूजा समितियों और आयोजकों के लगातार संपर्क में रहेगा। सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता बरतेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)