मऊ में हल्की बारिश शुरू:धान के किसानों को राहत; मूंगफली की फसल को लेकर चिंता बढ़ी

Oct 06, 2026 - 12:10
0
मऊ में हल्की बारिश शुरू:धान के किसानों को राहत; मूंगफली की फसल को लेकर चिंता बढ़ी
मऊ जिले में मंगलवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के बाद करीब 11 बजे हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं। सोमवार शाम से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा था। बेमौसम बारिश को लेकर किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। हल्की बारिश जहां धान की फसल के लिए फिलहाल फायदेमंद मानी जा रही है, वहीं मूंगफली की खेती करने वाले किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। खेतों में अधिक नमी और बारिश का सिलसिला जारी रहने से मूंगफली की फसल प्रभावित होने की आशंका है। जिला कृषि अधिकारी स्वयं प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष अब तक जिले में करीब 450 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक करीब 436 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में अब तक लगभग 14 मिलीमीटर अधिक बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि यदि अक्टूबर में भी बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो धान की फसल को भी नुकसान हो सकता है। तेज हवा के साथ बारिश होने पर धान की फसल खेतों में गिर सकती है। इसके अलावा खेतों में जलभराव होने से भी फसल प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में आगामी दिनों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में किसानों को फसल की स्थिति पर लगातार नजर रखने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने की सलाह दी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User