मऊ में इंडिया गठबंधन ने चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका:वोटर लिस्ट से नाम काटने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली

Oct 05, 2026 - 16:04
0
मऊ में इंडिया गठबंधन ने चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका:वोटर लिस्ट से नाम काटने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली
मऊ। सोमवार को मऊ जिले में इंडिया गठबंधन के सैकड़ो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोनी थापा मैदान से जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। पुतला लेकर जाने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच छीनाझपटी भी हुई। आप तस्वीरों में देख सकते हैं किस तरह से जो इंडिया गठबंधन के नेता है वह जिला कलेक्टर में पुतला फूंक रहे हैं तभी पुलिस जिसे बुझाने की कोशिश कर रही है। करीब दो बजे इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर विपक्षी दलों के समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का आरोप लगाया गया। मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक राजेंद्र कुमार ने कहा कि इंडिया गठबंधन की ओर से यह आंदोलन पूरे प्रदेश और देश में चलाया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि विपक्षी दलों और उनके समर्थक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए चुनाव प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि विपक्ष की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा भी लगाया। पुलिस के साथ हुई झड़प को लेकर विधायक ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और पुतला फूंकना लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने के माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी भी लोकतंत्र का हिस्सा हैं और लोकतंत्र की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला कब्जे में लेने का प्रयास किया, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक छीनाझपटी हुई। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User