मऊ में जनगणना के दूसरे चरण के लिए प्रशिक्षण शुरू:डीएम आनंद वर्द्धन ने किया शुभारंभ, 82 फील्ड ट्रेनर्स तीन चरणों में होंगे प्रशिक्षित

Oct 05, 2026 - 16:37
0
मऊ में जनगणना के दूसरे चरण के लिए प्रशिक्षण शुरू:डीएम आनंद वर्द्धन ने किया शुभारंभ, 82 फील्ड ट्रेनर्स तीन चरणों में होंगे प्रशिक्षित
मऊ। जनगणना के द्वितीय चरण को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी की देखरेख में जिले के कुल 82 फील्ड ट्रेनर्स को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण में 5, 6 और 7 अक्टूबर को 28 फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। दूसरे चरण में 8, 9 और 10 अक्टूबर को 27 तथा तीसरे चरण में 12, 13 और 14 अक्टूबर को 27 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देने के लिए जनगणना निदेशालय, लखनऊ से प्रशिक्षित दो मास्टर ट्रेनर्स को जिले में उपलब्ध कराया गया है। इनके माध्यम से सभी 82 फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना के द्वितीय चरण से जुड़ी आवश्यक जानकारी और प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद फील्ड ट्रेनर्स तहसील स्तर पर सुपरवाइजर और प्रगणकों को प्रशिक्षण देंगे। इसके माध्यम से जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित समय सीमा में व्यवस्थित एवं सही तरीके से पूरा कराने की तैयारी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को पूरे मनोयोग और गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी बिंदु पर समस्या या संशय होने पर मास्टर ट्रेनर्स से तत्काल जानकारी लेकर उसे अच्छी तरह समझें। जिलाधिकारी ने कहा कि फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण जितना बेहतर होगा, उतनी ही प्रभावी ढंग से वे तहसील स्तर पर सुपरवाइजर और प्रगणकों को प्रशिक्षित कर सकेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय की कमी को देखते हुए पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User