MP पूर्व-सीएम की जमीन-हड़पने मामले में फरार आरोपियों की तलाश:बिजनौर में फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र से जमीन पर दावा करने का आरोप; दो आरोपी गिरफ्तार

Oct 03, 2026 - 07:47
0
MP पूर्व-सीएम की जमीन-हड़पने मामले में फरार आरोपियों की तलाश:बिजनौर में फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र से जमीन पर दावा करने का आरोप; दो आरोपी गिरफ्तार
बिजनौर के नजीबाबाद में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने के मामले में पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने जमीन से जुड़े रिकॉर्ड तहसील प्रशासन से भी मांगे हैं। आरोप है कि कमलनाथ के पिता महेंद्रनाथ की जमीन पर फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र के जरिए दावा किया गया। मामले में पुलिस धर्मपाल सिंह और विजय शंकर को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। फर्जी वसीयत में विजय शंकर बना था गवाह कमलनाथ ने 30 सितंबर को नजीबाबाद थाने में धर्मपाल सिंह, जसबिंदर सिंह ढिल्लो, विजय शंकर पांडेय और लेखपाल डेविड कुमार समेत अन्य के खिलाफ शिकायत दी थी। आरोप है कि नजीबाबाद तहसील के अमीखानपुर गांव में उनके पिता महेंद्रनाथ की जमीन पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जे का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, धर्मपाल सिंह की ओर से जमीन से संबंधित मामले में एक अपंजीकृत वसीयत पेश की गई थी। जांच में सामने आया कि विजय शंकर ने कथित तौर पर यह वसीयत टाइप की थी और उसमें गवाह भी बना था। पुलिस अब दस्तावेज तैयार करने और उसे न्यायालयी रिकॉर्ड में लगाने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। 90 बीघा जमीन में 26 बीघा पर था विवाद कमलनाथ के मुताबिक उनके पिता महेंद्रनाथ की अमीखानपुर में करीब 90 बीघा जमीन है। 18 मई 2026 को उन्होंने जमीन पर विरासत दर्ज कराने के लिए नजीबाबाद तहसीलदार के यहां आवेदन किया था। इसके बाद लेखपाल की रिपोर्ट में जमीन को विवादित बताया गया। जांच के दौरान पता चला कि जमीन को लेकर तहसीलदार न्यायालय में धर्मपाल बनाम ग्राम सभा का मामला चल रहा था। इसी मामले में महेंद्रनाथ के नाम से कथित फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र पेश किए गए थे। मृत्यु प्रमाणपत्र पर भी उठे सवाल पुलिस के अनुसार पेश किए गए मृत्यु प्रमाणपत्र में महेंद्रनाथ की मृत्यु 10 अप्रैल 2003 को नजीबाबाद में होना दर्शाया गया था। जबकि कमलनाथ की शिकायत के मुताबिक उनके पिता की मृत्यु 7 सितंबर 2004 को दिल्ली में हुई थी। इसी आधार पर दस्तावेज को फर्जी बताया गया है। दो गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी पुलिस ने मामले में धर्मपाल सिंह और विजय शंकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब जसबिंदर सिंह ढिल्लो समेत अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही जमीन और उससे जुड़े मुकदमों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने अन्य जमीनों या संपत्तियों से जुड़े मामलों में भी इसी तरह के दस्तावेजों का इस्तेमाल तो नहीं किया। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User